Site icon 24 News Update

नाकाबंदी में दबोचे दो अफीम तस्कर, डेढ़ किलो के करीब मादक पदार्थ और बाइक जब्त

Advertisements

24 News Update बेगू (चित्तौड़गढ़)। पारसोली थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 किलो 44 ग्राम अवैध अफीम के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत की गई है, जो पिछले एक सप्ताह के भीतर क्षेत्र में दूसरी महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।
पुलिस के अनुसार उदयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक गौरव श्रीवास्तव और चित्तौड़गढ़ के पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, फरार अपराधियों और वांछित आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत रावतभाटा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भगवत सिंह हिंगड़ और बेगू वृताधिकारी अंजली सिंह के पर्यवेक्षण में कार्रवाई की गई।
थानाधिकारी ठाकराराम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शरद मक्खनगंज के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान एक हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (आरजे 06 एक्सएस 6874) पर सवार दो संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई। जांच में उनके बैग से 1 किलो 44 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई।
पुलिस ने मौके से अफीम के साथ मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामप्रसाद (24) पुत्र गोपाल लाल गुर्जर निवासी खारी खेड़ा, भोजपुर थाना कोटड़ी जिला भीलवाड़ा और जितेंद्र सिंह (40) पुत्र दरिया सिंह जाट निवासी वार्ड नंबर 01, शांति नगर, विद्या विहार, पिलानी थाना पिलानी जिला झुंझुनू के रूप में हुई है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मामले का अनुसंधान चंदेरिया थाना अधिकारी मोतीराम को सौंपा गया है।
कार्रवाई में थानाधिकारी ठाकराराम के साथ उपनिरीक्षक भवानी सिंह, कांस्टेबल सोनाराम, राजेंद्र, भोमाराम और प्रकाश शामिल रहे।

Exit mobile version