Site icon 24 News Update

नाकाबंदी में बड़ी सफलता: 5.625 किलो अफीम जब्त, पल्सर बाइक सवार दो तस्कर गिरफ्तार

Advertisements

24 News Update. चित्तौड़गढ़। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सख्ती बरतते हुए थाना मंगलवाड़ पुलिस ने सोमवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। नाकाबंदी के दौरान पल्सर बाइक पर सवार दो तस्करों से 5 किलो 625 ग्राम अवैध अफीम जब्त की गई और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी पर पूर्ण अंकुश लगाने हेतु सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। इसी के तहत एएसपी सरिता सिंह और डीएसपी बड़ीसादड़ी देशराज कुलदीप के निर्देशन में एसएचओ भगवानलाल के नेतृत्व में नारायणपुरा टोल प्लाजा के पास नाकाबंदी की जा रही थी।

नाकाबंदी के दौरान मंगलवाड़ की ओर से आ रही बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस को देख दोनों ने वाहन मोड़ा और तेज़ गति से भागने लगे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उनका पीछा किया और इंडरा गांव के पास घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया।

तलाशी के दौरान एक बैग से 5.625 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त बाइक भी जब्त कर ली गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमलेश (28), निवासी नंगावली, थाना मंगलवाड़ और जसकरण (43), निवासी गुंगा, थाना शिव, ज़िला बाड़मेर के रूप में हुई है।


एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूछताछ में और भी बड़ी तस्करी नेटवर्क के खुलासे की संभावना है।

Exit mobile version