Site icon 24 News Update

“ऑपरेशन त्रिनेत्र” में बड़ी कार्रवाई: 442 किलो डोडा चूरा जब्त, तस्कर फरार, रणकपुर घाट में नाकाबंदी तोड़कर भागे आरोपी; 85 लाख की मादक सामग्री व स्कॉर्पियो बरामद

Advertisements

24 News Update उदयपुर। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत पुलिस थाना सायरा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 442.13 किलोग्राम डोडा चूरा जब्त किया है। इस कार्रवाई में परिवहन में प्रयुक्त एक काले रंग की स्कॉर्पियो कार भी बरामद की गई है। जब्त मादक पदार्थ व वाहन की कुल अनुमानित बाजार कीमत करीब 85 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस महानिरीक्षक, उदयपुर रेंज के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) गोपाल स्वरूप मेवाड़ा तथा वृताधिकारी गिर्वा गोपाल चंदेल के सुपरविजन में सायरा थानाधिकारी कानाराम सिरवी के नेतृत्व में टीम ने रणकपुर घाट क्षेत्र में नाकाबंदी की थी।
नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध स्कॉर्पियो (नंबर RJ27UC5830) को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और नाकाबंदी तोड़ते हुए माजवड़ा की ओर कच्चे रास्ते पर भाग निकला। पुलिस टीम ने वाहन का पीछा किया।
कुछ दूरी पर आरोपी वाहन को कच्चे रास्ते में छोड़कर जंगल व पहाड़ी इलाके में फरार हो गए। पुलिस ने क्षेत्र में काफी तलाश की, लेकिन अंधेरा और दुर्गम क्षेत्र का फायदा उठाकर आरोपी भागने में सफल रहे। पुलिस द्वारा जब्त स्कॉर्पियो की तलाशी लेने पर उसमें 23 कट्टों में कुल 442.13 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ। साथ ही वाहन में GJ31BA7183 नंबर की दो फर्जी नंबर प्लेट भी मिलीं, जिससे तस्करी की साजिश का अंदेशा और गहरा हो गया है।
पुलिस ने डोडा चूरा, स्कॉर्पियो वाहन और फर्जी नंबर प्लेटों को जब्त करते हुए एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों द्वारा तलाश जारी है।इस कार्रवाई में थानाधिकारी कानाराम सिरवी के नेतृत्व में पुलिस टीम के सदस्यों—सहायक उपनिरीक्षक यशवंत सिंह (विशेष भूमिका), भंवर सिंह, हेड कांस्टेबल सुखाराम, कांस्टेबल भेराराम, कानापुरी, रामदयाल और जगदीश कुमार—ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस के अनुसार, मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

Exit mobile version