Site icon 24 News Update

‘रिवर्स’ में आए ट्रेलर की लापरवाही में दो लग्जरी कारें चकनाचूर, CCTV ने खोली पोल

Advertisements

24 News Update उदयपुर। शादियों की रोशनी और मेहमानों की रौनक के बीच उदयसागर चौराहे पर एक बेतरतीब रिवर्स ने दो लग्जरी कारों की सुबह काली कर दी। प्रतापनगर थाना क्षेत्र में होटल के बाहर खड़ी इनोवा और क्रेटा को एक ट्रेलर ने ऐसी टक्कर मारी कि दोनों वाहनों का अगला-पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पूरी घटना पास के होटल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है—और फुटेज में साफ दिखता है कि हादसा महज़ एक ‘लापरवाह रिवर्स’ का नतीजा था।

शादी का सीजन, पार्किंग बनी मुसीबत
इन दिनों शहर में शादियों की भरमार है। उदयसागर के आसपास स्थित होटलों में समारोह चल रहे थे। बाहर से आए मेहमान अपनी इनोवा और क्रेटा गाड़ियां गेस्ट हाउस के बाहर खड़ी कर ऊपर सोने चले गए। उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि रात के सन्नाटे में उनकी कारें किसी भारी-भरकम वाहन की चपेट में आ जाएंगी।

फुटेज में दिखी पूरी कहानी
CCTV के मुताबिक एक ट्रेलर साकरोदा की ओर से तेज रफ्तार में आता है। चौराहे को पार कर थोड़ा आगे निकलने के बाद चालक अचानक ब्रेक लगाता है और बिना पर्याप्त जगह देखे ट्रेलर को तेजी से रिवर्स करता है। पीछे खड़ी दोनों कारें सीधे उसकी जद में आ जाती हैं। जोरदार टक्कर के बाद ट्रेलर चालक बिना रुके चौराहे की दिशा में निकल जाता है।

सुबह खुली आंख, उड़े होश
सुबह जब कारों के चालक नीचे पहुंचे तो दृश्य देख कर सन्न रह गए। दोनों गाड़ियां बुरी तरह टूटी हुई थीं। आसपास पूछताछ के बाद जब सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई, तो ट्रेलर की करतूत सामने आई। पीड़ित चालकों ने तुरंत प्रतापनगर थाना पुलिस को सूचना दी।

जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने फुटेज के आधार पर ट्रेलर की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। नंबर प्लेट और रूट की जानकारी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक तौर पर मामला लापरवाही से वाहन चलाने और मौके से फरार होने का माना जा रहा है।

Exit mobile version