Site icon 24 News Update

हाईटेक जेल से फरार हुए दो साइबर ठग, कुछ ही घंटों में दबोचे गए; 7 कर्मचारी सस्पेंड

Advertisements

24 News Update रेवाड़ी। हरियाणा की हाईटेक मानी जाने वाली रेवाड़ी जेल में शुक्रवार शाम सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी चूक सामने आई, जब दो बंदी फिल्मी अंदाज में जेल की दीवार फांदकर फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार शाम को नियमित गिनती के दौरान दो बंदी कम पाए गए। जांच में पता चला कि उत्तर प्रदेश के रामपुर निवासी 22 वर्षीय फैजान और इटावा निवासी 21 वर्षीय जाहिद जेल से गायब हैं। दोनों ऑनलाइन ठगी के मामलों में बंद थे और उनका ट्रायल चल रहा था। प्राथमिक जांच में सामने आया कि दोनों बंदियों ने जेल परिसर में चल रहे निर्माण कार्य के दौरान लाई गई सीढ़ी का इस्तेमाल किया। मौका मिलते ही दोनों ने दीवार फांदकर फरार होने की योजना को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि वे पिछले कुछ दिनों से भागने की फिराक में थे। जेल प्रशासन द्वारा तुरंत पूरे परिसर में तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद सदर थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने तेजी दिखाते हुए पहले जाहिद को दबोचा और देर शाम फैजान को भी गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए महानिदेशक जेल आलोक मित्तल ने सात जेल कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया, जिनमें पांच हेड वार्डर और दो वार्डर शामिल हैं। सुरक्षा चूक की जांच के लिए आईजी स्पेशल टास्क फोर्स बी सतीश बालन भी मौके पर पहुंचे और जेल का निरीक्षण कर अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। रेवाड़ी जेल को हाल ही में हाईटेक सुविधाओं के साथ विकसित किया गया था और इसे प्रदेश की आधुनिक जेलों में गिना जाता है। ऐसे में इस घटना ने सुरक्षा दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Exit mobile version