24 News Update वॉशिंगटन। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच हुए संघर्ष को लेकर सनसनीखेज दावा किया है। व्हाइट हाउस में रिपब्लिकन सांसदों के साथ डिनर के दौरान ट्रम्प ने कहा कि भारत-पाक टकराव में “पांच फाइटर जेट गिराए गए थे”। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि ये विमान भारत के थे या पाकिस्तान के।
ट्रम्प ने इसके साथ ही यह भी दोहराया कि उन्होंने ही इस संघर्ष को आगे बढ़ने से रोका था। गौरतलब है कि ट्रम्प पहले भी 24 बार इस प्रकार का दावा कर चुके हैं, सबसे पहले उन्होंने 10 मई को सोशल मीडिया पर कहा था कि भारत और पाकिस्तान के बीच उन्होंने मध्यस्थता कर शांति बहाल करवाई थी।
दोनों देशों के दावों के बीच संशय
भारत और पाकिस्तान दोनों ने संघर्ष के दौरान एक-दूसरे के फाइटर जेट गिराने का दावा किया था। भारतीय रक्षा सूत्रों के मुताबिक, 6 से 10 मई के बीच ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के 6 फाइटर जेट, 3 अन्य विमान और 10 से अधिक ड्रोन व क्रूज मिसाइलें नष्ट की थीं। साथ ही भारत ने यह भी बताया था कि उसके रडार सिस्टम और मिसाइलों ने एक हाई-वैल्यू टारगेट को भी मार गिराया था, जो संभवतः पाकिस्तान का इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर या अर्ली वॉर्निंग सिस्टम था।
वहीं दूसरी ओर, पाकिस्तान ने शुरू में 5 और बाद में 6 भारतीय फाइटर जेट मार गिराने का दावा किया। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने संसद में इस कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा था कि भारत के राफेल विमान भी पाकिस्तान की जवाबी कार्रवाई में ध्वस्त किए गए। पाक विदेश मंत्रालय ने भारत से विमान नुकसान को स्वीकार करने की भी मांग की थी।
CDS चौहान ने क्या कहा?
भारत के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान ने मई में दिए एक इंटरव्यू में कहा था कि विमानों की संख्या से ज़्यादा महत्वपूर्ण यह है कि संघर्ष से क्या सीखा गया। उन्होंने स्पष्ट रूप से पाकिस्तान के दावों को खारिज करते हुए कहा था कि भारत ने अपनी रणनीति में तेजी से सुधार कर अगली ही कार्रवाई में प्रभावी जवाब दिया।
ट्रम्प की ‘डिप्लोमैटिक ट्रेड’ रणनीति
ट्रम्प ने इस पूरे मुद्दे पर अपनी व्यापार नीति को शांति के लिए ‘उपयोगी औजार’ बताया। नाटो महासचिव मार्क रूट के साथ बातचीत में ट्रम्प ने कहा, “हम युद्धों को निपटाने में काफी सफल रहे हैं। हमने व्यापार के जरिए दबाव बनाया और कहा कि जब तक आप संघर्ष नहीं रोकते, तब तक व्यापार नहीं होगा।”
क्या था संघर्ष का कारण?
इस टकराव की पृष्ठभूमि में कश्मीर के पहलगाम में हुआ आतंकी हमला था, जिसके बाद भारत ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की थी। इसके बाद पाकिस्तान की तरफ से भी जवाबी हमले किए गए, जिसमें दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को नुकसान पहुंचाने का दावा किया।
सैटेलाइट से पुष्टि
मैक्सार टेक्नोलॉजी द्वारा जारी की गई सैटेलाइट तस्वीरों में पाकिस्तान के एयरबेस पर हुए हमलों के निशान दिखाई दिए थे। इनमें ड्रोन, हैंगर और विमानों को पहुंचा नुकसान स्पष्ट देखा जा सकता है।

