Site icon 24 News Update

पहाड़ी से टकराया ट्रक, लगी भीषण आग; पोषाहार जलकर राख, ड्राइवर की जान बची

Advertisements

24 News Update उदयपुर। जिले में बुधवार दोपहर उदयपुर-ईडर नेशनल हाईवे 58-ई पर एक भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर पहाड़ी से जा टकराया और कुछ ही मिनटों में आग का गोला बन गया। हादसा बाघपुरा थाना क्षेत्र के रणघाटी इलाके में हुआ, जहां ट्रक में सवार चालक की जान तो बच गई, लेकिन वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक अचानक बेकाबू होकर सड़क किनारे पहाड़ी से टकराया, जिससे उसका केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के तुरंत बाद केबिन में शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया और लपटें ऊंची उठने लगीं।
हादसे के समय चालक केबिन में ही फंसा हुआ था। मौके से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों और स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए उसे बाहर निकाला और तुरंत एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। घायल चालक का इलाज जारी है।
ट्रक में आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए सप्लाई किया जाने वाला पोषाहार भरा हुआ था, जो आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गया। बताया जा रहा है कि आग इतनी तेज थी कि ट्रक में रखा कोई भी सामान सुरक्षित नहीं बच सका।
घटना के बाद रणघाटी जैसे संकरे पहाड़ी मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटों को देखकर दोनों ओर से आ रहे वाहन रुक गए, जिससे हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलने पर बाघपुरा थानाधिकारी वेलाराम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सुरक्षा के मद्देनजर ट्रैफिक रुकवाया।
उदयपुर शहर से दूरी अधिक होने के कारण फायर ब्रिगेड को मौके पर पहुंचने में करीब एक घंटा लग गया। तब तक ट्रक पूरी तरह जल चुका था। बाद में पुलिस ने क्रेन की सहायता से जले हुए ट्रक को सड़क किनारे हटाकर यातायात को सुचारू किया। पुलिस अब हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्राथमिक तौर पर शॉर्ट सर्किट और ब्रेक फेल होने की आशंका जताई जा रही है। साथ ही ट्रक मालिक और संबंधित विभाग से भी संपर्क किया जा रहा है।

Exit mobile version