24 News Update उदयपुर। मेवाड़ की गौरवशाली परम्परा और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले मेवाड़ राजपरिवार के अरविंदसिंह मेवाड़ की प्रथम पुण्यतिथि पर गुरुवार को सिटी पैलेस में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस अवसर पर उनके पुत्र डॉक्टर लक्ष्यराजसिंह मेवाड़ ने भावुक मन से अपने पिता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि हृदय आज भी उसी क्षण पर ठहरा हुआ है, जब आपने हमें छोड़ अनंत यात्रा आरम्भ की। आपने अपने जीवन से हमें परम्परा, संस्कार और सम्मान की जो सीख दी, वही हमारे लिए सबसे बड़ी धरोहर है। चैत्र कृष्ण द्वितीया पर आयोजित इस श्रद्धांजलि सभा में मेवाड़ राजपरिवार के सदस्य, शहर के गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने राजमाता विजयराज कुमारी मेवाड़ सहित परिवारजनों के साथ दिवंगत आत्मा को पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद नगरवासियों, बाहर से आए अतिथियों तथा महल से जुड़े कर्मचारियों ने भी श्रद्धा-सुमन अर्पित कर उन्हें स्मरण किया। श्रद्धांजलि सभा में मेवाड़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और विकास के लिए अरविंदसिंह मेवाड़ द्वारा किए गए चार दशकों से अधिक समय के योगदान को विशेष रूप से याद किया गया।उनके कार्यकाल में मेवाड़ की ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण, सांस्कृतिक आयोजनों के संवर्धन और समाज सेवा के अनेक कार्यों को नई दिशा मिली। इस अवसर पर राजस्थान के सुप्रसिद्ध लोकगायक छोटूसिंह रावणा ने अपनी स्वरांजलि के माध्यम से दिवंगत अरविन्द सिंह मेवाड़ को श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके गीतों ने सभा में उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम के दौरान मेवाड़ के महाकवि स्वर्गीय नरेन्द्र मिश्र की रचनाओं का भी पाठ किया गया, जिनकी पंक्तियों के माध्यम से अरविन्द सिंह मेवाड़ के व्यक्तित्व और उनके योगदान को स्मरण किया गया— “जिसने पुरखों की गरिमा का पावन सपना साकार किया, महलों की अमर विरासत को नयनाभिराम आकार दिया। अरविन्द मिसाल बने जग में माटी का कर्ज चुकाने में, दीपक से जलते रहे सदा मेवाड़ी फर्ज निभाने में। अरविन्द आपकी निष्ठा ने कुछ ऐसा पावन पुण्य किया, मेवाड़ वंश के वैभव को तुमने अखण्ड अक्षुण्य किया। श्रद्धांजलि सभा के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने दिवंगत अरविन्द सिंह मेवाड़ के आदर्शों और मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading... Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation फतहसागर की पाल पर उदयपुर के पंच गौरव का संगम, जिला स्तरीय पंच गौरव मेला एवं प्रदर्शनी का शुभारंभ आमजन रूबरू हो रहे जिले के पंच गौरव से विज्ञान समिति, अशोक नगर में “श्रीनिवास रामानुजन STEM लैब – सेंटर ऑफ एक्सीलेंस” का उद्घाटन