24 News Update उदयपुर। दर्शन डेंटल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के कंज़र्वेटिव डेंटिस्ट्री एवं एंडोडॉन्टिक्स विभाग द्वारा राष्ट्रीय कॉन्स-एंडो डे के अवसर पर वृक्षारोपण और मौखिक स्वास्थ्य जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय “प्रिज़र्व • रिस्टोर • सेव द टीथ” रखा गया, जिसके माध्यम से दाँतों की सुरक्षा और मौखिक स्वास्थ्य के महत्व पर जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में कॉलेज के समन्वयक श्री एन.एस. खामेश्वरा, प्राचार्य डॉ. विकास पुनिया, विभागाध्यक्ष डॉ. संध्या कपूर पुनिया सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. विकास पुनिया ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए दाँतों की देखभाल और स्वच्छ पर्यावरण दोनों ही आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार वृक्ष पर्यावरण को शुद्ध और संतुलित बनाए रखते हैं, उसी प्रकार नियमित दंत देखभाल हमारे स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे समाज में पर्यावरण संरक्षण और मौखिक स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएँ।
विभागाध्यक्ष डॉ. संध्या कपूर पुनिया ने बताया कि कॉन्स-एंडो डे का मुख्य उद्देश्य लोगों को दाँतों की जड़ों और आंतरिक ऊतकों से जुड़ी समस्याओं के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि समय पर उपचार और नियमित दंत परामर्श से दाँतों को लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान कॉलेज परिसर में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने पौधारोपण किया। इसके साथ ही रील मेकिंग, लोगो डिजाइनिंग और ई-पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
राष्ट्रीय कॉन्स-एंडो डे पर दर्शन डेंटल कॉलेज में वृक्षारोपण व जनजागरूकता कार्यक्रम

Advertisements
