24 News Update शाहपुरा क्षेत्र के फुलिया कलां उपखंड स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ धनोप माता मंदिर में चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर अभिजीत मुहूर्त में विधि-विधान के साथ घट स्थापना की गई। मंदिर परिसर में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहां सुबह से ही हजारों श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए उमड़ पड़े।
नवरात्रि मेले के चलते यहां हर वर्ष लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, लेकिन इस बार श्रद्धा के इस महापर्व पर व्यवस्थाओं की भारी कमी साफ नजर आ रही है। सबसे बड़ी समस्या फुलिया कलां थाने से धनोप माता मंदिर तक जाने वाली मुख्य सड़क की बदहाल स्थिति है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं, जो किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। वाहन चालकों का कहना है कि खराब सड़क के कारण वाहन चलाना तो दूर, पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।कई दोपहिया वाहन चालक गड्ढों के कारण असंतुलित होकर गिर सकते हैं,जिससे बड़े हादसे की आशंका लगातार बनी हुई है। नवरात्रि मेले के दौरान बढ़ी भीड़ के बीच यह स्थिति और भी खतरनाक,भयानक हो गई है।लोगों का आरोप है कि हर वर्ष मेले से पहले सड़क मरम्मत और व्यवस्थाओं के दावे किए जाते हैं,लेकिन धरातल पर हालात जस के तस बने हुए हैं। प्रशासन की अनदेखी के चलते श्रद्धालुओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन के बावजूद ना तो सड़क की समुचित मरम्मत की गई ।अगर समय रहते प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया तो यह लापरवाही किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकती है।श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि तत्काल सड़क की मरम्मत करवाई जाए और मेले के दौरान सुरक्षा व सुविधाओं को दुरुस्त किया जाए, ताकि श्रद्धालु बिना किसी भय के माता के दर्शन कर सकें।
धनोप माता शक्तिपीठ में अभिजीत मुहूर्त में घट स्थापना, लेकिन श्रद्धालुओं की राह बनी खतरे से भरी

Advertisements
