डूंगरपुर। जिले के धम्बोला थाना क्षेत्र के बड़ी गांव स्थित वात्रक तालाब में रविवार सुबह नहाने गए छह बच्चों में से चार की डूबने से मौत हो गई, जबकि दो बच्चों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया। मृतकों में तीन सगे भाई-बहन और उनकी फुफेरी बहन शामिल हैं। इस हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

पुलिस के अनुसार घटना रविवार सुबह करीब 10 बजे की है। बड़ी गांव निवासी किसान बाबूसिंह डामोर के बच्चे हिना (24), प्रतीक (20) और इशिता (15) अपनी फुफेरी बहन रौनक (20) पुत्री गौतम भाई परमार निवासी पालनपुर (गुजरात), जयसिंह पुत्र सुरेश डामोर और राजवीर पुत्र कोहरा डामोर के साथ वात्रक तालाब में नहाने गए थे। नहाते समय सभी गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बच्चों ने मदद के लिए शोर मचाया, लेकिन जब तक लोग मौके पर पहुंचते, चारों पानी में समा चुके थे।

हादसे के दौरान तालाब के पास मौजूद जयसिंह के पिता सुरेश सिंह ने बच्चों की चीख-पुकार सुनते ही तालाब में छलांग लगा दी। उन्होंने अपने बेटे जयसिंह और राजवीर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन अन्य चार बच्चों को नहीं बचाया जा सका। दोनों घायलों को सीमलवाड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

धम्बोला थाना पुलिस ने बताया कि हादसे में हिना (24), प्रतीक (20), इशिता (15) तथा उनकी फुफेरी बहन रौनक (20) की मौत हो गई। चारों के शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई।

यह हादसा डामोर परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बन गया है। किसान बाबूसिंह डामोर के परिवार में दो बेटियां और एक बेटा ही थे। बड़ी बेटी हिना गांव के एक निजी स्कूल में अध्यापन करती थी। प्रतीक ने 12वीं उत्तीर्ण करने के बाद प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए आवेदन किया था, जबकि सबसे छोटी बेटी इशिता 11वीं कक्षा की छात्रा थी। तीनों की मौत के बाद परिवार में अब केवल माता-पिता ही बचे हैं।

मृतका रौनक चार दिन पहले ही अपने मामा के घर बड़ी गांव आई थी। वह भी अपने मामा के बच्चों के साथ तालाब में नहाने गई थी और हादसे का शिकार हो गई। घटना की सूचना मिलते ही उसका परिवार गुजरात के पालनपुर से डूंगरपुर के लिए रवाना हो गया।

ग्रामीणों ने बताया कि वात्रक तालाब के पास एक मंदिर होने के कारण बरसात के दिनों में यहां बड़ी संख्या में लोग स्नान करने आते हैं। इसके बावजूद तालाब पर सुरक्षा संबंधी कोई इंतजाम या चेतावनी बोर्ड नहीं लगे हैं। हादसे के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से तालाब पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

सीमलवाड़ा अस्पताल में मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। परिजनों ने बताया कि सभी बच्चे गांव में घूमने जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह उनकी आखिरी यात्रा साबित होगी।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading