24 न्यूज अपडेट उज्जैन। उज्जैन के मालनवासा क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। केवल 11 वर्ष का मासूम योग्य लश्करी, जो खेलते हुए मलखंभ की रस्सी पर अभ्यास कर रहा था, अचानक गले में फंदा लगने से अपनी जान गंवा बैठा। यह हादसा मंगलवार शाम का है, जब वह घर की ऊपरी मंजिल पर अकेला चला गया और कुछ ही देर में ज़िंदगी से जंग हार गया।
मलखंभ था जुनून, रस्सी बनी मौत की वजह
योग्य लश्करी को मलखंभ का गहरा शौक था। वह अक्सर घर में ही प्रैक्टिस करता था। इसके लिए उसने खुद वेंटिलेशन ग्रिल में एक मजबूत रस्सी बांधी थी। मंगलवार को भी वह अपने भाई-बहनों के साथ खेलने के बाद छत पर गया और वहां रस्सी के सहारे मलखंभ का अभ्यास करने लगा। इस दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और गले में फंस गई रस्सी धीरे-धीरे जानलेवा फंदा बन गई।
मां की चीख से गूंजा घर
कुछ देर तक योग्य न दिखने पर जब भाई-बहन उसे बुलाने छत पर पहुंचे तो देखा कि वह रस्सी में लटका हुआ है। परिवार में कोहराम मच गया। मां ने तुरंत रस्सी काटकर उसे नीचे उतारा। उस वक्त उसकी सांसें धीमी थीं। आनन-फानन में योग्य को निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। योग्य अभी दूसरी कक्षा पास कर तीसरी में प्रवेश किया ही था। पिता नीरज लश्करी और मां का सपना था कि उनका बेटा किसी दिन खेलों में नाम कमाए। लेकिन मलखंभ के जुनून ने उसके मासूम जीवन को समय से पहले ही समाप्त कर दिया। परिवार में माता-पिता के अलावा एक बड़ा भाई और एक छोटी बहन है। हर आंख नम है, और हर दिल यही सोच रहा है कि काश एक निगरानी होती, एक सावधानी होती..
पुलिस जांच में जुटी
नागझिरी थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मामला एक दुर्घटनावश मृत्यु का प्रतीत हो रहा है। पुलिस का कहना है कि पूरी घटना की फोरेंसिक और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
उज्जैन में दर्दनाक हादसा, मलखंभ का अभ्यास कर रहे बच्चे की दम घुटने से मौत

Advertisements
