Site icon 24 News Update

सलूंबर में दर्दनाक हादसा: पुलिया से फिसली कार, नदी में गिरने से दो सगे भाइयों की मौत

Advertisements

24 News Update सलूंबर। जिले में सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की जान चली गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग एक मांगलिक कार्यक्रम से लौट रहे थे, तभी उनकी कार अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे नदी में जा गिरी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सलूंबर ब्लॉक के दौलपुरा, खरका और कराकला गांवों से नाथ समाज के लोग बामनिया में आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद शाम करीब पांच बजे लौटते समय बरोड़ा के समीप सलूंबर मार्ग पर एक पुलिया के पास उनकी ईको कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और सीधे नीचे बहाव वाली नदी में गिर गई।
सूचना मिलते ही झल्लारा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। हादसे में दौलपुरा निवासी वकतनाथ (85) पुत्र दौलतनाथ और उनके छोटे भाई नाथूनाथ (80) की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों सगे भाई थे और एक ही वाहन में सवार थे।
कार में सवार अन्य तीन लोग—कराकला निवासी गौतम नाथ (85), ओंकारनाथ (70) तथा खरका निवासी रूपनाथ (75)—गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए उदयपुर रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को सलूंबर जिला अस्पताल की मोर्च्युरी में रखवाया है, जहां पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन का संतुलन बिगड़ना माना जा रहा है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version