24 News update मंदसौर। मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले में रविवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। उज्जैन के उन्हेल से नीमच के मनासा क्षेत्र स्थित आंतरी माता मंदिर दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की वैन बाइक से टकराकर अनियंत्रित हो गई और खुले कुएं में जा गिरी। इस भयावह दुर्घटना में 12 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो बच्चों सहित चार लोग घायल हुए हैं। घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
घटना नारायणगढ़ थाना क्षेत्र के बूढ़ा-टकरावद फंटे के पास दोपहर करीब एक बजे हुई। वैन में कुल 14 लोग सवार थे। हादसे के बाद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए स्वयं राहत कार्य शुरू किया। पुलिस और प्रशासनिक टीम के साथ एसडीईआरएफ ने भी मोर्चा संभाला। क्रेन और मोटर पंप की मदद से वैन और शवों को बाहर निकाला गया।
बचाव कार्य के दौरान एक ग्रामीण मनोहर सिंह, जो लोगों को बचाने कुएं में उतरे थे, जहरीली गैस की चपेट में आकर शहीद हो गए। इस हादसे में एक बाइक सवार गोबर सिंह निवासी आबाखेड़ी की भी जान चली गई।
मौके पर उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा सहित जिले के आला अधिकारी उपस्थित रहे। देवड़ा ने रेस्क्यू ऑपरेशन का निरीक्षण किया और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से बातचीत कर मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की घोषणा कराई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस भीषण दुर्घटना पर दुख जताते हुए प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को पचास-पचास हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। खुले कुएं के आसपास सुरक्षा इंतजामों की अनदेखी एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है।
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.