उदयपुर। होली के त्यौहार पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की सतर्कता के बीच सविना थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों पर दहशत फैलाने वाले तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने दो तलवार और एक चाकू भी बरामद किए हैं। जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देश पर सभी थाना प्रभारियों को होली के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में सविना थानाधिकारी ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में हथियार लेकर घूम रहे और लोगों में भय का माहौल बनाने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों में एक हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तलवार और एक चाकू जब्त किए हैं। इस संबंध में आर्म्स एक्ट के तहत तीन अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में कैलाश पुत्र मांगीलाल निवासी नेशनल हाईवे रोड, बलीचा बाईपास थाना गोवर्धनविलास, जयप्रकाश उर्फ प्रिन्स पुत्र गणेश निवासी महाराज का अखाड़ा थाना सविना (हिस्ट्रीशीटर) तथा गौरव सिंह पुत्र स्व. चौतन सिंह निवासी कालका माता रोड पायड़ा थाना प्रतापनगर शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि त्यौहार के दौरान कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है।

