Site icon 24 News Update

खेत में पानी दे रहे किसान पर तीन भालुओं का हमला, सिर-चेहरे पर गहरे घाव

Advertisements

24 News Update उदयपुर। रात का सन्नाटा, खेत में बहता पानी और फसल की रखवाली करता किसान… तभी झाड़ियों से अचानक तीन भालू निकले और देखते ही देखते हमला कर दिया। उदयपुर जिले के गोगुंदा उपखंड के सायरा क्षेत्र में शुक्रवार रात एक किसान पर तीन भालुओं ने हमला कर दिया। हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे देर रात उदयपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना रोयड़ा के पास कड़ेचावास गांव की है। यहां कड़ेचावास निवासी प्रेम सिंह राजपूत (40) रात करीब 8 बजे अपने खेत में गेहूं की फसल को पानी दे रहे थे। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे तीन भालू अचानक बाहर आए और उन पर टूट पड़े। भालुओं ने उनके सिर, चेहरे और शरीर के कई हिस्सों पर गहरे घाव कर दिए।

शोर सुनकर दौड़े ग्रामीण, भालू जंगल की ओर भागे
हमले के दौरान प्रेम सिंह ने जोर-जोर से शोर मचाया। उनकी आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे। लोगों ने शोर मचाकर और पत्थर फेंककर भालुओं को भगाया, जिसके बाद तीनों भालू झाड़ियों में छिपते हुए जंगल की ओर भाग गए। गंभीर रूप से घायल किसान को ग्रामीणों ने तुरंत उदयपुर के जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

वन विभाग और पुलिस मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और सायरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और रात के समय अकेले खेतों या जंगल की ओर नहीं जाने की हिदायत दी है। तीन भालुओं के हमले के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

तीन महीने पहले भी हुआ था हमला
इसी इलाके के रोयड़ा गांव में करीब तीन महीने पहले भी भालुओं ने एक युवक लालाराम गमेती (28) पर हमला कर दिया था। वह गांव के भैरुजी मंदिर में पूजा करने जा रहा था, तभी पंचायत भवन और मंदिर के बीच भालुओं ने उसे घायल कर दिया था।

कुंभलगढ़ अभयारण्य से सटा इलाका
ग्रामीणों के अनुसार यह पूरा क्षेत्र कुंभलगढ़ वन्यजीव अभयारण्य से सटा हुआ है। घने जंगलों के कारण यहां भालुओं की संख्या काफी अधिक है और अक्सर उनका मूवमेंट आबादी वाले इलाकों तक हो जाता है। खेतों और गांवों के पास भालुओं की आवाजाही के कारण ग्रामीणों में लगातार भय बना हुआ है।

Exit mobile version