24 News Update सलूंबर। जिले में अवैध बजरी खनन और परिवहन का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। आलम यह है कि रात-दिन सैकड़ों ट्रैक्टर-ट्रॉली और डंपर बजरी से भरे सड़कों पर दौड़ रहे हैं, लेकिन प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई महज इक्का-दुक्का मामलों तक सिमटी हुई है।
गुरुवार को झल्लारा थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर कार्रवाई का दावा किया। लेकिन सवाल यह है कि जब पूरे जिले में अवैध बजरी का कारोबार बेरोकटोक चल रहा है, तो कार्रवाई सिर्फ एक-दो वाहनों पर ही क्यों हो रही है?
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि बजरी माफियाओं को मिल रही प्रशासनिक ढिलाई और संरक्षण के कारण यह धंधा थमने का नाम नहीं ले रहा। कई जगहों पर तो खुलेआम खनन हो रहा है और राजस्व को करोड़ों का नुकसान पहुंच रहा है।
लोगों का कहना है कि पुलिस-प्रशासन यदि वास्तव में गंभीर होता तो हर रोज दर्जनों वाहन पकड़े जाते, लेकिन हकीकत में कार्रवाई सिर्फ “औपचारिकता” तक ही सीमित है।
अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस संगठित अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए ठोस कदम कब उठाता है, या फिर बजरी माफिया यूं ही बेलगाम घूमते रहेंगे।

