24 News Update उदयपुर। शहर के बीएन कॉलेज के सामने स्थित हिंगलाज माता मंदिर में चोरी की चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। खास बात यह है कि यह घटना मंदिर में हाल ही में संपन्न भव्य पाठ उत्सव के मात्र तीन दिन बाद हुई, जिससे स्थानीय लोगों में रोष और चिंता का माहौल है।
घटना का खुलासा तब हुआ जब मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की गई। फुटेज में तीन नाबालिग बच्चे देर रात मंदिर के मुख्य गेट का ताला तोड़ते हुए नजर आए, जिसके बाद वे अंदर प्रवेश कर मंदिर में रखे कीमती सामान को लेकर फरार हो गए।
चोरों द्वारा मंदिर से माता के आभूषण, चांदी के छत्र और दान पेटी में रखी गई नकदी पर हाथ साफ किए जाने की बात सामने आई है। घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर के पुजारी और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया गया।
गौरतलब है कि तीन दिन पहले ही मंदिर में बड़े धूमधाम से पाठ उत्सव का आयोजन किया गया था, जिसमें भव्य सजावट, भंडारा और माता की विशेष आंगी के दौरान कीमती आभूषणों का उपयोग किया गया था। माना जा रहा है कि इसी दौरान मंदिर में मौजूद आभूषणों को देखकर आरोपियों के मन में चोरी की योजना बनी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी संभवतः उसी आयोजन में मौजूद रहे होंगे, जिससे उन्हें मंदिर की व्यवस्था और कीमती सामान की जानकारी मिली।
फिलहाल पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीनों आरोपियों की पहचान और तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।
बीएन कॉलेज के सामने मंदिर में चोरी, तीन नाबालिग कैमरे में कैद, आभूषण व दान राशि ले उड़े चोर

Advertisements
