24 News Update उदयपुर। फतहनगर थाना क्षेत्र में स्थित खाटूश्यामजी मंदिर में रविवार रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर मंदिर का ताला तोड़कर दानपात्र में रखी करीब 8 लाख रुपए से अधिक की नकदी लेकर फरार हो गए। पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसमें चार संदिग्ध चोर दिखाई दे रहे हैं।
मावली तहसील के लदाना क्षेत्र स्थित इस मंदिर में सुबह जब पुजारी राहुल शर्मा पूजा के लिए पहुंचे तो मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो दानपात्र भी टूटा हुआ था और उसमें रखी भक्तों की चढ़ाई गई नकदी गायब थी। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मंदिर परिसर में एकत्रित हो गए।
सीसीटीवी फुटेज में तीन चोर दानपात्र तोड़कर उसमें रखे पैसे एक बोरे में भरते नजर आ रहे हैं, जबकि उनका चौथा साथी बाहर खड़े होकर निगरानी करता दिखाई देता है। फुटेज में यह भी दिखाई देता है कि दो चोर पैसे से भरा बोरा लेकर आगे बढ़ रहे हैं, जबकि पीछे चल रहे दो अन्य चोर रास्ते में गिरे सिक्के उठाते नजर आ रहे हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
वहीं ग्रामीणों ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि फतहनगर थाना पुलिस की ढीली गश्त और सुस्त कार्यप्रणाली के कारण चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की राशि बरामद नहीं की गई तो क्षेत्रवासी आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
खाटूश्यामजी मंदिर में बड़ी चोरी: दानपात्र तोड़कर 8 लाख से अधिक नकदी ले उड़े चोर, सीसीटीवी में कैद वारदात

Advertisements
