Site icon 24 News Update

बारात गई, पीछे घर में विवाहिता ने पेड़ से फांसी लगाई

Advertisements

24 News Update सलूंबर। जिले के झल्लारा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। बुड़ेल गांव के झालफला में एक विवाहिता का शव घर के पास आम के पेड़ पर लटका मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

बारात गई, पीछे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार मृतका रिंका मीणा (उम्र लगभग 22-25 वर्ष) के देवर की बारात रविवार को खोलड़ी गांव गई हुई थी। परिवार के अधिकांश सदस्य बारात में शामिल थे। इसी दौरान घर पर अकेली रही रिंका ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

लौटे तो सामने था दर्दनाक मंजर
परिजन जब बारात से लौटे तो गांव में ही सूचना मिली कि रिंका का शव घर के पास आम के पेड़ पर लटका हुआ है। यह खबर सुनते ही शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं और घर में चीख-पुकार मच गई।

तीन साल पहले हुई थी शादी
बताया जा रहा है कि रिंका की शादी करीब तीन वर्ष पहले हुई थी। उसका पति अहमदाबाद में मजदूरी/नौकरी करता है और घटना के समय वह बाहर ही था। घटना के कारणों का फिलहाल स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है।

पुलिस पहुंची मौके पर
सूचना मिलते ही भबराना चौकी से हेड कांस्टेबल जितेंद्र सिंह तथा झल्लारा थाना अधिकारी जयकिशन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।

जांच जारी, कारणों की तलाश
पुलिस का कहना है कि मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। मृतका के पीहर और ससुराल पक्ष के बयान लिए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। जिस घर में कुछ घंटे पहले शादी की तैयारियां और शहनाइयां गूंज रही थीं, वहीं अब मातम पसरा हुआ है। ग्रामीण भी इस घटना से स्तब्ध हैं।

Exit mobile version