24 News Update उदयपुर। पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, उदयपुर द्वारा शुक्रवार से शिल्पग्राम में आयोजित तीन दिवसीय ‘ऋतु वसंत’ कार्यक्रम में देश-विदेश के ख्यातनाम क्लासिकल गायकों और नृत्यांगनाओं की प्रस्तुतियां शास्त्रीय संगीत और नृत्य प्रेमियों को मंत्रमुग्ध करेंगी। यह उत्सव 22 फरवरी तक चलेगा और इसमें प्रवेश निशुल्क रहेगा। केंद्र के निदेशक फुरकान खान ने बताया कि उत्सव का आगाज चेतन जोशी के बांसुरी वादन और गौरी दिवाकर के कथक प्रदर्शन से होगा। दूसरे दिन शनिवार को गुलजार हुसैन और मोहम्मद उमर वायलिन-दिलरुबा की मोहक जुगलबंदी पेश करेंगे, वहीं कविता द्विवेदी का ओडिसी नृत्य दर्शकों का मन मोह लेगा। उत्सव के अंतिम दिन रविवार को डॉ. जयतीर्थ मेवुंडी, किराना घराने के प्रमुख स्तंभों में शुमार, अपने गायन से शाम को सुरमई कर देंगे। लता मंगेशकर ने उनकी गायकी की सराहना करते हुए उन्हें रिकॉर्डिंग के लिए आमंत्रित किया था, वहीं ए.आर. रहमान ने कहा है कि उनकी आवाज बिजली जैसी ऊर्जा से भरी है, जो किसी को भी मंत्रमुग्ध कर सकती है।
‘नृत्य प्रवाह’ में विभिन्न शास्त्रीय नृत्यों का संगम
उत्सव के अंतिम दिन दिल्ली के प्रसिद्ध कोरियोग्राफर संतोष नायर के निर्देशन में ‘नृत्य प्रवाह’ नामक प्रस्तुति होगी। इसमें भारत की समृद्ध शास्त्रीय नृत्य परंपराओं का महासंगम प्रस्तुत किया जाएगा—भरत नाट्यम, ओडिसी, कथक, मोहिनी अट्टम् और मणिपुरी रास जैसे नृत्य शामिल होंगे। सहायक कोरियोग्राफर विष्णुप्रिया मरार होंगी और प्रकाश व्यवस्था का संचालन श्रीराम सांखला करेंगे।

