24 News update उदयपुर। पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, उदयपुर की ओर से आयोजित तीन दिवसीय ‘ऋतु वसंत’ कार्यक्रम में 20 से 22 फरवरी तक शास्त्रीय संगीत और नृत्य के क्षेत्र में स्थापित कलाकार अपनी सृजनात्मक प्रस्तुतियों से वसंत का सांस्कृतिक उल्लास बिखेरेंगे। कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और शास्त्रीय कला के रसिकों में इसे लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।
पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के निदेशक फुरकान खान ने बताया कि उत्सव के पहले दिन शिल्पग्राम के मुक्ताकाशी मंच पर देश के वरिष्ठतम बांसुरी वादकों में शुमार दिल्ली के संगीतज्ञ चेतन जोशी अपनी बांसुरी वादन प्रस्तुति से शास्त्रीय संगीत प्रेमियों को मंत्रमुग्ध करेंगे। उनके साथ आंजनेय जोशी बांसुरी पर तथा पंडित हितेंद्र दीक्षित तबले पर संगत करेंगे। चेतन जोशी को वर्ष 2019 के लिए केंद्रीय संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। वे एक ही बांसुरी में साढ़े तीन सप्तक बजाने की विशिष्ट और दुर्लभ तकनीक के लिए विश्व स्तर पर पहचाने जाते हैं। उनका बांसुरी वादन वसंत ऋतु के उल्लास को शिल्पग्राम की फिज़ाओं में संगीतात्मक रंगों के साथ घोल देगा। इसी दिन प्रसिद्ध कथक नृत्यांगना दिल्ली की गौरी दिवाकर अपने समूह के साथ कथक की विशिष्ट प्रस्तुति देंगी। भारतीय शास्त्रीय नृत्य कथक की यह चर्चित कलाकार और कोरियोग्राफर पारंपरिक कथक को आधुनिक अभिव्यक्ति के साथ प्रस्तुत करने के लिए जानी जाती हैं।
‘ऋतु वसंत’ में शास्त्रीय सुरों और कथक की रंगत, 20 से 22 फरवरी तक शिल्पग्राम में सजेगा सांस्कृतिक उत्सव

Advertisements
