पर्यटकों से अभद्र व्यवहार और निर्धारित शुल्क से अधिक राशि मांगने का मामला आया सामने, अब निगम संभालेगा पार्किंग की व्यवस्था उदयपुर। शहर के प्रमुख पर्यटन स्थल जगदीश चौक स्थित आसींद की हवेली पार्किंग में अनियमितताओं की शिकायतों पर महापौर पारस सिंघवी ने मंगलवार को औचक निरीक्षण किया। महापौर खुद स्कूटर लेकर पार्किंग स्थल पर पहुंचे और पार्किंग शुल्क जमा कराने के दौरान निर्धारित दर से अधिक राशि मांगे जाने का मामला सामने आया। पर्यटकों से अभद्र व्यवहार और शुल्क दरों की सूची प्रदर्शित नहीं होने जैसी अनियमितताएं मिलने पर महापौर ने संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए। साथ ही पार्किंग का संचालन नगर निगम के कर्मचारियों के माध्यम से कराने का निर्णय लिया। निरीक्षण के दौरान सामने आया कि पार्किंग स्थल पर तैनात कर्मचारी पर्यटकों के साथ ठीक व्यवहार नहीं कर रहा था। नगर निगम की ओर से निर्धारित पार्किंग शुल्क की दरें भी सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित नहीं की गई थीं। इससे पर्यटकों को सही शुल्क की जानकारी नहीं मिल पा रही थी। महापौर ने स्वयं स्कूटर पार्क करने के दौरान शुल्क जमा कराया तो कर्मचारी ने निर्धारित राशि से अधिक पैसे मांगे। इस पर उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को बुलाकर कार्रवाई के निर्देश दिए। महापौर ने राजस्व अधिकारी नितेश भटनागर, राजस्व निरीक्षक विजय जैन और निगम पुलिस निरीक्षक मांगीलाल डांगी को मामले में नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक पार्किंग स्थलों पर आमजन और पर्यटकों से अभद्र व्यवहार तथा निर्धारित दरों से अधिक वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। महापौर ने कहा कि जगदीश चौक शहर का प्रमुख पर्यटन केंद्र है, जहां देश-विदेश से पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे स्थानों पर पार्किंग व्यवस्था सुचारू रहने के साथ पर्यटकों के प्रति सम्मानजनक व्यवहार भी जरूरी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को वर्तमान ठेकेदार की सेवाएं समाप्त करने और पार्किंग का संचालन निगम कर्मचारियों के जरिए करवाने के निर्देश दिए, ताकि निर्धारित दरों पर ही शुल्क वसूला जाए। नगर निगम की ओर से पार्किंग स्थलों पर शुल्क दरों की सूची स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने और व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए हैं। महापौर ने कहा कि शहर में नागरिकों और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकता है। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation विधायक मद से तीन सीसी सड़कों का निर्माण शुरू, 9 लाख रुपये होंगे खर्च दीपावली मेले की तैयारियों का महापौर ने देर रात तक लिया जायजा, रात में ही सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश