Site icon 24 News Update

सावर में आस्था का महाकुंभ: सनातन रुद्र हनुमंत पंच कुंडीय महायज्ञ का भव्य शुभारंभ आज से

Advertisements

24 News Update सावर उपखंड क्षेत्र में धर्म, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर सावर कस्बे में आज से नव दिवसीय सनातन रुद्र हनुमंत पंच कुंडीय महायज्ञ का भव्य शुभारंभ होने जा रहा है। पूरे क्षेत्र में इस महायज्ञ को लेकर जबरदस्त उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है।
हनुमान जी महाराज की असीम कृपा एवं संत-महात्माओं के सानिध्य में आयोजित इस दिव्य महायज्ञ में महंत जानकीदास महात्यागी (सिद्ध लवकुश धाम पंचमुखी दरबार सांगानेर, भीलवाड़ा), नवग्रह शनिधाम सोनियाणा डूंगरी ढिकोला के संतों का विशेष सानिध्य प्राप्त होगा, जिससे आयोजन की आध्यात्मिक गरिमा और भी बढ़ गई है।
आयोजन से जुड़े ओमप्रकाश कांसोटिया ने बताया कि
यज्ञाचार्य पंडित श्यामसुंदर के निर्देशन में यह महायज्ञ संकट मोचन वीर हनुमान मंदिर, बनवारी की कोठी से आगे स्थित मंदिर परिसर में विधिवत शुरू होगा। मंदिर परिसर को आकर्षक तोरण द्वार, रंग-बिरंगी फूल मालाओं और भव्य लाइट डेकोरेशन से सजाया गया है, जो श्रद्धालुओं को पहली नजर में ही भक्तिभाव से भर देगा।

कलश यात्रा से होगा आगाज
महायज्ञ का शुभारंभ प्रातः भव्य मंगल कलश यात्रा के साथ होगा, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में भाग लेकर पूरे सावर ग्राम में धार्मिक माहौल का संचार करेंगे। कलश यात्रा मंदिर प्रांगण पहुंचने के बाद नव-निर्मित यज्ञशाला में विधिवत यज्ञ की शुरुआत होगी।

नौ दिनों तक चलेगा अखंड धार्मिक अनुष्ठान
प्रतिदिन सुबह 9 बजे से यज्ञ अनुष्ठान प्रारंभ होगा, जिसमें वेद मंत्रों की गूंज, हवन की दिव्य सुगंध और भजन-कीर्तन से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए जलपान और अन्य व्यवस्थाएं भी की गई हैं, ताकि दूर-दराज से आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

हनुमान जन्मोत्सव पर होगा भव्य समापन
इस विराट महायज्ञ की पूर्णाहुति हनुमान जन्मोत्सव पूर्णिमा के पावन अवसर पर की जाएगी, जहां हजारों श्रद्धालुओं के साक्षी में विशाल धार्मिक कार्यक्रम और भंडारे का आयोजन होगा।सावर में आयोजित यह महायज्ञ न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी करेगा।

Exit mobile version