24 News Update सागवाड़ा, 17 सितंबर (जयदीप जोशी)। आसपुर मार्ग, लोहारिया तालाब के सामने स्थित कान्हड़दासधाम रामद्वारा में शाहपुराधाम से चातुर्मास में पधारे रामस्नेही संत कीर्तिराम महाराज ने सत्संग में बताया कि जीव संसार-बन्धन में किस प्रकार प्रविष्ट होता है और पुनः किस प्रकार उससे मुक्त हो सकता है। जीव का संसार-चक्र किसी बाहरी शक्ति द्वारा आरोपित नहीं है; उसका मूल कारण अविद्या है। संत ने कहा, अविद्या से उत्पन्न संकल्प, संकल्प से कामना, कामना से कर्म और कर्म से पुनर्जन्म, यही संसार का अनादि क्रम है। जब तक यह चक्र चलता रहता है, तब तक जीव एक शरीर का परित्याग कर दूसरे शरीर को धारण करता रहता है। जब मन किसी विषय का बार-बार चिन्तन करता है, तब उसके प्रति आसक्ति उत्पन्न होती है। यही संकल्प धीरे-धीरे इच्छा का रूप लेता है और इच्छा कर्म का कारण बनती है। इस प्रकार बाह्य संसार का बन्धन वस्तुतः मन की आन्तरिक वृत्तियों से ही आरम्भ होता है। स्पर्श केवल त्वचा का संस्पर्श नहीं, बल्कि समस्त इन्द्रियों का विषयों से सम्पर्क है। नेत्र रूप से, कर्ण शब्द से, जिह्वा रस से, घ्राण गन्ध से और त्वचा स्पर्श से जुड़ती है। जब इन्द्रियाँ विषयों के साथ तादात्म्य स्थापित करती हैं, तब मन उनमें आसक्त होकर बाह्यमुखी हो जाता है। जब तक यह मोह बना रहता है, तब तक कर्म भी चलता रहता है और कर्म के साथ पुनर्जन्म भी। आत्मा कभी न बढ़ती है, न घटती है, न जन्म लेती है, न मरती है। जन्म, विकास, परिवर्तन और विनाश ये सब शरीर के धर्म हैं, आत्मा के नहीं। संत ने कहा- आत्मा कभी बँधती नहीं; बन्धन केवल अज्ञान से उत्पन्न मिथ्या अनुभव है। ज्ञान होने पर यह स्पष्ट हो जाता है कि जो जन्म ले रहा था, वह शरीर था; जो कर्म कर रहा था, वह अहंकार था; जो सुख-दुःख भोग रहा था, वह मन था; किन्तु इन सबका साक्षी आत्मा नित्य, शुद्ध, बुद्ध और मुक्त ही रही। संकल्प से कर्म, कर्म से जन्म और जन्म से पुनः संसार- यह अविद्या का चक्र है। किन्तु आत्मज्ञान से संकल्प का लय, मोह का विनाश और ब्रह्मस्वरूप की अनुभूति- यही मुक्ति का मार्ग है। प्रवक्ता बलदेव सोमपुरा ने बताया कि शुक्रवार को रामचरण जी महाराज का दीक्षा दिवस प्रातः मनाया जाएगा। संत प्रसाद हेमंत सोमपुरा परिवार का रहा। सत्संग में महिलाएं एवं पुरुष उपस्थित रहे। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation औदिच्य महासभा संगठन विस्तार की घोषणा, लोकेश पाठक प्रदेश उपाध्यक्ष मनोनीत नवनिर्वाचित पार्षद के.पी. सिंह को न.पा. उपाध्यक्ष बनाने की राजपूत समाज ने की पुरजोर मांग