24 News Update डूंगरपुर। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित बोरी गांव में प्रशासन ने समय रहते कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग बालिका का विवाह रुकवा दिया। चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 से मिली सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई से एक बालिका को बाल विवाह से बचाया जा सका।
बाल अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक डॉ. कल्पित शर्मा ने बताया कि हेल्पलाइन पर मिली सूचना के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जिला प्रशासन और पुलिस को अवगत कराया गया। इसके बाद राजस्व विभाग, कोतवाली पुलिस, सृष्टि सेवा समिति और चाइल्ड हेल्पलाइन की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची।
टीम ने बालिका के दस्तावेजों की जांच की, जिसमें उसकी उम्र 14 वर्ष 10 माह पाई गई, जो वैधानिक विवाह आयु से कम है। इसके आधार पर मौके पर ही विवाह की सभी तैयारियां रुकवा दी गईं। उल्लेखनीय है कि बालिका का विवाह शुक्रवार को होना था और बारात आने से पहले ही प्रशासन ने हस्तक्षेप कर लिया। कार्रवाई के दौरान डूंगरपुर तहसील के अधिकारियों ने बालिका के परिजनों को सख्त हिदायत देते हुए भविष्य में बाल विवाह नहीं करने के लिए पाबंद किया।
डूंगरपुर में 14 वर्षीय बालिका की शादी प्रशासन ने रुकवाई

Advertisements
