24 News Update नई दिल्ली। टी-20 एशिया कप-2025 के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का एलान हो गया है। मंगलवार को बीसीसीआई के मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने टीम की घोषणा करते हुए बताया कि इस बार सूर्यकुमार यादव को कप्तानी की ज़िम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि शुभमन गिल उपकप्तान होंगे। टूर्नामेंट की शुरुआत 9 सितंबर से यूएई में होगी, हालांकि मेजबान देश भारत है। टीम इंडिया अपना पहला मुकाबला 10 सितंबर को UAE के खिलाफ खेलेगी।
भारत का 15 सदस्यीय टी-20 स्क्वॉड इस प्रकार है –
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती और जसप्रीत बुमराह।
भारत-पाकिस्तान के तीन मुकाबले संभव
इस बार एशिया कप में भारत और पाकिस्तान के बीच कुल तीन मुकाबले खेले जा सकते हैं। पहला मैच लीग स्तर पर 14 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में होगा। दोनों टीमें सुपर-4 में पहुँचती हैं तो 21 सितंबर को दूसरी बार आमने-सामने हो सकती हैं। अगर दोनों टीमें फाइनल तक पहुंचती हैं तो 28 सितंबर को तीसरा मुकाबला खेला जाएगा।
ग्रुप विभाजन
भारत को ग्रुप ‘ए’ में रखा गया है, जिसमें पाकिस्तान, UAE और ओमान की टीमें शामिल हैं।
ग्रुप ‘बी’ में श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान और हॉन्गकॉन्ग शामिल हैं।
ग्रुप स्टेज में सभी टीमें एक-दूसरे से एक-एक मुकाबला खेलेंगी। भारत अपना पहला मैच 10 सितंबर को यूएई से, दूसरा मैच 14 सितंबर को पाकिस्तान से और तीसरा मैच 19 सितंबर को ओमान से खेलेगा।
सबसे सफल टीम है भारत
उल्लेखनीय है कि एशिया कप की शुरुआत 1984 में हुई थी और अब तक कुल 16 संस्करण खेले जा चुके हैं। भारत ने सबसे अधिक 8 बार यह खिताब जीता है, श्रीलंका ने 6 बार और पाकिस्तान ने 2 बार ट्रॉफी अपने नाम की है।
टी-20 एशिया कप के लिए टीम इंडिया घोषित, सूर्यकुमार यादव कप्तान और शुभमन गिल उपकप्तान, 14 सितंबर को पाकिस्तान से मुकाबला

Advertisements
