Site icon 24 News Update

शिक्षक संघ चुनाव संपन्न: चेतनराम मीणा अध्यक्ष, देवेंद्र सिंह नरुका मंत्री बने; 8 अप्रैल को प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान

Advertisements

24 News Update उदयपुर। राजस्थान पंचायती राज एवं माध्यमिक शिक्षक संघ की शहर इकाई के चुनाव रविवार को सुखाड़िया समाधि स्थल पर संपन्न हुए। चुनाव में चेतनराम मीणा अध्यक्ष और देवेंद्र सिंह नरुका मंत्री निर्वाचित हुए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भानु प्रताप सिंह ने की। नई कार्यकारिणी में अमित कुमार कल्याण (वरिष्ठ उपाध्यक्ष), श्रीमती गार्गी (महिला उपाध्यक्ष), सीमा शर्मा (महिला मंत्री), सीमा डाबरिया (महिला संगठन मंत्री), अभिषेक आमेटा (उपाध्यक्ष), रूपचंद मीणा (संगठन मंत्री), मुकेश कुमार जैन (कोषाध्यक्ष), हितेंद्र दवे (जिला प्रतिनिधि) एवं सुरेश खंडारिया (प्रदेश प्रतिनिधि) निर्वाचित हुए।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष शेर सिंह चौहान ने शिक्षा विभाग की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिना पर्याप्त संसाधनों के गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के नाम पर लगातार प्रयोग किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रीष्मावकाश में कटौती, संस्था प्रधान के अवकाश अधिकारों में कमी, शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त नहीं करना, तृतीय श्रेणी शिक्षकों की छह सत्रों से लंबित डीपीसी, 12 वर्षों से स्थानांतरण नहीं होना और पुरानी पेंशन बहाली नहीं होना जैसे मुद्दों से शिक्षकों में भारी आक्रोश है।
चौहान ने घोषणा की कि इन मांगों को लेकर संघ 8 अप्रैल को प्रदेशव्यापी धरना-प्रदर्शन करेगा और उदयपुर जिला कलेक्ट्रेट पर शाम 4 बजे अधिक से अधिक शिक्षकों की भागीदारी का आह्वान किया।
बैठक में कमलेश शर्मा, अरविंद मीणा, सतीश जैन, सुभाष विश्नोई, सोहन गरारिया, रामावतार गुर्जर सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version