रिपोर्ट-कविता पारख
24 News update निम्बाहेड़ा। निम्बाहेड़ा-मंगलवाड़ मार्ग पर ढोरिया और देवलखेडी गांव के बीच शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में बाइक सवार अध्यापक की ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीर में आई गंभीर चोटें, अस्पताल में तोड़ा दम
निकुंभ थाना एएसआई बलवंत सिंह ने बताया कि भूपेन्द्र कुमार मीणा (पुत्र किशनलाल मीणा), निवासी देवलखेडी शनिवार करीब 3:30 बजे ढोरिया से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रहे ट्रैक्टर चालक ने गफलत में अध्यापक की बाइक को चपेट में ले लिया। हादसे में भूपेन्द्र मीणा के सिर में गंभीर चोटें आईं।
उन्हें तुरंत निम्बाहेड़ा जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच कर उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ट्रैक्टर चालक फरार, पुलिस ने मामला दर्ज किया
घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर और बाइक को अपने कब्जे में ले लिया। मृतक के अंकल के लड़के प्रहलाद मीणा पुत्र भंवरलाल मीणा ने थाने में लिखित रिपोर्ट दी। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराकर वारिसजनों को सौंप दिया।
अंतिम संस्कार रविवार को
पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया गया। रविवार को परिजनों ने मृतक का अंतिम संस्कार किया। पुलिस फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश कर रही है।
