24 News Updateडूंगरपुर। जिले के गणेशपुर क्षेत्र में मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग ने एक फर्जी चिकित्सक द्वारा संचालित अवैध क्लिनिक पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पूरे प्रतिष्ठान को सील कर दिया। टीम के पहुंचते ही क्लिनिक चलाने वाला व्यक्ति मौके से भाग निकला, जबकि परिसर से भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयाँ, गर्भनिरोधक गोलियाँ और अन्य चिकित्सकीय सामग्री बरामद हुई।
बिना डिग्री के ‘अस्पताल’ जैसी व्यवस्था तैयार
शिकायतों की पुष्टि के बाद आसपुर ब्लॉक के सीएमएचओ डॉ. नागेंद्र सिंह के निर्देशन में यह कार्यवाही की गई। उन्होंने बताया कि पीके विश्वास नामक व्यक्ति बिना किसी मान्यता या मेडिकल योग्यता के क्लिनिक चला रहा था और मरीजों के जीवन से खिलवाड़ कर रहा था।
टीम के अनुसार दो मंजिला इस क्लिनिक में चार बेड लगाए गए थे, जिससे इसे अस्पताल जैसा स्वरूप दिया गया था। जांच के दौरान ड्रीप की कई खाली बोतलें, इंजेक्शन, विभिन्न अंग्रेजी दवाएँ और प्रतिबंधित सामग्री मिली।
एक मरीज को तुरंत स्थानांतरित किया
छापे के समय क्लिनिक में एक मरीज भर्ती मिला। सुरक्षा को देखते हुए उसे तुरंत नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्थानांतरित किया गया।
कार्रवाई में सीएचसी रामगढ़ के डॉ. जगदीश शर्मा डॉ. कमला डॉ. सुनील कुमार फार्मासिस्ट महेश कुमार बीपीओ जफर अहमद
शामिल रहे।
क्लिनिक सील, सामग्री जब्त — कार्रवाई आगे बढ़ेगी
टीम ने मौके से मिली सभी दवाइयों और चिकित्सा सामग्री को जब्त कर लिया है। विभाग के अनुसार अवैध क्लिनिक को पूर्ण रूप से सील कर दिया गया है और फरार झोलाछाप के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। स्वास्थ्य विभाग ने साफ किया है कि फर्जी चिकित्सकों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

