24 News Update उदयपुर। खेल अधिकारी डॉ महेश पालीवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि राजस्थान सरकार की पंच गौरव योजना अंतर्गत आयोजित 15 दिवसीय तैराकी प्रशिक्षण शिविर में प्रतिभागी खिलाड़ियों के समग्र विकास हेतु निरंतर विशेष सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। शिविर के अंतर्गत आज खिलाड़ियों को तैराकी की उन्नत तकनीकों के साथ-साथ प्रभावी संवाद कौशल एवं पब्लिक स्पीकिंग की बारीकियों का प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
खेल अधिकारी ने बताया कि करियर काउंसलिंग विशेषज्ञ एवं प्रशिक्षक रणवीर सिंह राणावत द्वारा खिलाड़ियों के लिए कम्युनिकेशन स्किल एवं पब्लिक स्पीकिंग विषय पर एक विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यशाला में खिलाड़ियों को आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति कौशल, शारीरिक भाषा (Body Language) एवं सार्वजनिक मंच पर प्रभावी प्रस्तुतीकरण के व्यावहारिक पहलुओं से अवगत कराया गया, जिससे उनके व्यक्तित्व विकास को नई दिशा मिली । तैराकी प्रशिक्षण सत्र के दौरान खिलाड़ियों को बटरफ्लाई स्ट्रोक की विभिन्न तकनीकी ड्रिल्स एवं अभ्यास करवाए गए। इसमें आर्म एक्शन, लेग किक, ब्रीदिंग समन्वय तथा पानी में संतुलन बनाए रखने की तकनीकों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया। प्रशिक्षकों द्वारा खिलाड़ियों को चरणबद्ध तरीके से अभ्यास करवाते हुए उनकी तकनीकी त्रुटियों का सुधार भी किया गया।
इस अवसर पर अतिथि के रूप में उपस्थित दीपक बोलिया ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए अनुशासन, निरंतर अभ्यास एवं सकारात्मक दृष्टिकोण को सफलता का मूल मंत्र बताया। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक दक्षता ही नहीं, बल्कि मानसिक सुदृढ़ता एवं व्यक्तित्व निर्माण का भी सशक्त माध्यम है। शिविर में प्रतिदिन प्रातःकालीन व्यायाम, तकनीकी प्रशिक्षण एवं सैद्धांतिक सत्रों के माध्यम से खिलाड़ियों के समग्र विकास का प्रयास किया जा रहा है, जिससे वे भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।

