उदयपुर। महाराणा प्रताप खेलगांव तरणताल में राजस्थान सरकार की पंच गौरव योजनाओं के अंतर्गत चल रहे आवासीय तैराकी प्रशिक्षण शिविर में खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह शिविर जिला कलक्टर नमित मेहता और उदयपुर विकास प्राधिकरण के आयुक्त राहुल जैन के निर्देशन में आयोजित किया जा रहा है।
प्रातःकालीन सत्र में खिलाड़ियों को खेल गतिविधियों, योगाभ्यास तथा तैराकी खेल की तकनीकों के बारे में जानकारी दी गई।
जिला खेल अधिकारी डॉ. महेश पालीवाल के निर्देशन में तैराकों को स्विमिंग खेल किट प्रदान की गई, जिसमें कॉस्ट्यूम, गॉगल्स, कैप, किक बोर्ड सहित अन्य आवश्यक सामग्री शामिल थी।
शाम के सत्र में तैराकों को विभिन्न समूहों में विभाजित कर अभ्यास कराया गया। इस दौरान प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों को तैराकी की तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। डॉ. पालीवाल के मार्गदर्शन में अनिल कुमावत, सुनील कुमावत और मनोज सनाढ्य ने तैराकों को फ्री स्टाइल और बैक स्ट्रोक की तकनीक का अभ्यास करवाया।
प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से तैराकों की तकनीकी दक्षता और शारीरिक क्षमता को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

