24 News Update उदयपुर। प्रदेशभर में अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए 1 से 15 मई 2026 तक विशेष निरोधात्मक अभियान चलाया जाएगा। नमित मेहता, आबकारी आयुक्त के निर्देशानुसार इस अभियान में अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के तहत आबकारी निरोधक दलों को जीरो टॉलरेंस नीति के साथ मैदान में उतारा जाएगा। गश्त, नाकाबंदी, दबिश और संभावित मार्गों पर निगरानी बढ़ाते हुए पुलिस विभाग के साथ समन्वय कर अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण किया जाएगा।
अन्य राज्यों से आने वाली शराब पर कड़ी नजर
आबकारी आयुक्त के निर्देशानुसार दूसरे राज्यों से आने वाली अवैध शराब की तस्करी को रोकने के लिए टोल नाकों और सीमावर्ती मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। साथ ही आबकारी एक्ट में वांछित फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पड़ोसी राज्यों की पुलिस से भी समन्वय किया जाएगा।
स्प्रिट टैंकरों पर भी खास नजर रखी जाएगी और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि उन पर विभागीय सील सही तरीके से लगी हो।
एमआरपी से ज्यादा वसूली और बिना होलोग्राम शराब पर कार्रवाई
अभियान के दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी लाइसेंसधारी दुकानों पर शराब निर्धारित एमआरपी पर ही बेची जाए। बिना होलोग्राम की शराब मिलने या अधिक कीमत वसूलने पर संबंधित अनुज्ञाधारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बिना लाइसेंस बिक्री पर भी शिकंजा
होटल, बार, ढाबों और समारोह स्थलों पर बिना लाइसेंस शराब बिक्री की शिकायतों पर विशेष फोकस रहेगा। शिकायत सही पाए जाने पर तुरंत प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जब्त शराब का निस्तारण और रोजाना मॉनिटरिंग
अभियान के तहत जब्त शराब के निस्तारण, नष्टीकरण, मालखाना प्रबंधन और जब्त वाहनों की नीलामी भी सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही पूरे अभियान की दैनिक मॉनिटरिंग कर जिलेवार समीक्षा की जाएगी।

