Site icon 24 News Update

बहन बोली — राजा की हत्या के बाद बहुत रोया था राज, सोनम की सलामती के लिए मंदिर में करता था दुआ

Advertisements

24 न्यूज अपडेट, नेशनल डेस्क। इंदौर के चर्चित मर्डर केस में आरोपी बनाए गए राज कुशवाह के परिवार का दर्द सामने आया है। राज की मां और बहन ने कहा कि राज को जब राजा रघुवंशी की हत्या की खबर मिली थी, तब वो देर तक रोया था और सोनम की सलामती के लिए घर के मंदिर में दुआ कर रहा था। परिवार का दावा है कि राज बेगुनाह है और उसे साजिशन फंसाया जा रहा है। राज की बहन ने बताया, “भैया आखिरी बार रविवार सुबह घर आए थे। उसने नए कपड़े पहने और कहा — सफेद शर्ट और जींस दे दो, मंदिर जाना है। फिर मंदिर चला गया। रात 11 बजे आखिरी बार बात हुई थी। इसके बाद से कोई संपर्क नहीं हुआ। मेरा भाई मासूम है।”

राजा की हत्या के बाद राज देर तक रोया था
बहन ने कहा, “राजा की हत्या की खबर मिलने पर भैया बहुत रोए थे। मां से कहा — राजा भैया का परिवार टूट गया। वो राजा की शव यात्रा में भी शामिल हुआ था। वहां से लौटकर देर तक रोया और बोला कि लुटेरों ने राजा का चेहरा तक देखने लायक नहीं छोड़ा।”

‘सोनम दीदी’ कहता था, उसकी शादी में भी नहीं गया था
राज की बहन ने कहा, “भैया सोनम को दीदी कहता था। उनकी शादी 11 मई को हुई थी। उसी दिन हमारे पिताजी का देहांत हुआ था, इसलिए भैया शादी में नहीं गया। हम उस दिन कोई खुशी नहीं मनाते।” राज के मकान मालिक ने कहा, “करीब 10 साल से राज और उसके परिवार को जानता हूं। वो सीधा-सादा लड़का था। कभी किसी से ऊंची आवाज में बात तक नहीं करता था। घर और काम के अलावा कहीं नहीं जाता था।”

मां की हालत बिगड़ी, 3 दिन से पानी नहीं पिया
राज की मां चुन्नी बाई ने कहा, “मेरा बेटा ऐसा काम कर ही नहीं सकता। वो इतना भोला है कि किसी के पैर में जूते न हो तो खुद के उतारकर दे देता था। मेरे पति गुजर गए, अब मेरे सिर पर सिर्फ वो ही था। मैंने तीन दिन से पानी नहीं पिया। छोटी बेटी भी बार-बार बेहोश हो रही है।” बहन ने कहा, “हम विशाल (विक्की) और आकाश को राखी बांधते हैं। वही हमारे राखी भाई हैं। सोनम को ज्यादा नहीं जानते। सोनम का बस गाड़ी, बिल की बात होती थी।”

फैमिली को पहले ही गांव भेजा था
बताया गया कि राज ने अपनी मां और दोनों बहनों को कुछ दिन पहले ही उत्तरप्रदेश, कानपुर के पास अपने पैतृक गांव भेज दिया था। करीब 8 दिन पहले ही वे लौटे हैं। वहीं विशाल ने भी अपने माता-पिता को गांव भेजा है। परिवार का कहना है कि उन्हें न्याय चाहिए। राज ने कोई गुनाह नहीं किया। अब देखना ये है कि पुलिस जांच में आगे क्या सामने आता है।

Exit mobile version