24 News Update जयपुर 29 अप्रैल। राजधानी के व्यस्ततम सिंधी कैंप थाना पुलिस ने एक बार फिर अपनी कार्यकुशलता और संवेदनशीलता का परिचय दिया है। पुलिस ने एक युवक का बस में छूटा हुआ मोबाइल न केवल ट्रैक किया, बल्कि उसे सुरक्षित ढूंढकर युवक के सुपुर्द भी किया। मोबाइल वापस पाकर युवक के चेहरे पर मुस्कान लौट आई और उसने राजस्थान पुलिस का दिल से आभार व्यक्त किया।
जानकारी के अनुसार एक युवक बस से यात्रा कर सिंधी कैंप पहुंचा था। हड़बड़ी में बस से उतरते समय उसका कीमती मोबाइल फोन बस की सीट पर ही रह गया। जब युवक को इस बात का अहसास हुआ तो उसने तुरंत इसकी सूचना सिंधी कैंप पुलिस को दी। मोबाइल में युवक का काफी महत्वपूर्ण डेटा और दस्तावेज थे, जिसके खोने से वह काफी परेशान था।
शिकायत मिलते ही ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल गणेश लाल (486) ने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने तुरंत तकनीकी सहायता और अपने नेटवर्क का इस्तेमाल करते हुए उक्त बस की लोकेशन ट्रेस की। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस टीम मोबाइल को बस से सुरक्षित बरामद करने में सफल रही।
युवक ने कहा- “थैंक यू राजस्थान पुलिस”
थाना परिसर में जब पुलिस अधिकारी ने युवक को उसका मोबाइल सौंपा, तो उसकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। युवक ने बताया मुझे उम्मीद नहीं थी कि मेरा फोन इतनी जल्दी मिल जाएगा। पुलिस ने मेरी समस्या को न केवल समझा, बल्कि तुरंत एक्शन लेकर मुझे मेरा फोन लौटाया। इसके लिए मैं राजस्थान पुलिस का बहुत आभारी हूँ।
सावधानी ही बचाव है
इस दौरान हेड कांस्टेबल गणेश लाल ने युवक और अन्य नागरिकों से अपील की कि वे सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करते समय अपने कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें। बस या ऑटो से उतरते समय अपनी सीटों को अच्छी तरह चेक कर लें। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा और उनके सामान की सुरक्षा ही हमारी प्राथमिकता है।
सिंधी कैंप पुलिस की तत्परता: बस में छूटा कीमती मोबाइल महज कुछ घंटों में बरामद, युवक ने जताया आभार

Advertisements
