24 News Update मुंबई। बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान अपनी मेगा एक्शन फिल्म ‘किंग’ की शूटिंग के दौरान घायल हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक, उन्हें यह चोट मुंबई के गोल्डन टोबैको स्टूडियो में एक एक्शन सीन शूट करते समय लगी। हादसे के बाद उन्हें तत्काल अमेरिका ले जाया गया, जहां उनकी मांसपेशियों में चोट के चलते सर्जरी की गई। डॉक्टरों ने अब उन्हें एक महीने तक पूरी तरह आराम करने की सलाह दी है।
शाहरुख की यह फिल्म ‘किंग’ एक हाई-ऑक्टेन एक्शन फिल्म है, जिसके लिए जुलाई-अगस्त में मुंबई के फिल्म सिटी, गोल्डन टोबैको और YRF स्टूडियो में शूटिंग शेड्यूल तय था। अब अभिनेता की तबीयत को देखते हुए ये सभी शेड्यूल रद्द कर दिए गए हैं। नई शूटिंग अब सितंबर या अक्टूबर में शुरू हो सकती है, जब तक शाहरुख पूरी तरह से स्वस्थ नहीं हो जाते।
अमेरिका में चल रहा है इलाज, टीम साथ रवाना हुई
सूत्रों के अनुसार, शाहरुख खान अपनी कोर टीम के साथ अमेरिका रवाना हुए थे। चोट कब और कितनी गंभीर थी, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन बताया जा रहा है कि घुटने या मांसपेशी में पुरानी चोट के कारण ही उन्हें यह सर्जरी करानी पड़ी। शाहरुख इससे पहले भी फिल्म ‘कोयला’ और ‘रा.वन’ की शूटिंग के दौरान घुटने की गंभीर चोट झेल चुके हैं, जिसके लिए उन्हें आर्थोस्कोपिक सर्जरी तक करानी पड़ी थी।
‘किंग’ में सुहाना के साथ स्क्रीन शेयर करेंगे शाहरुख
फिल्म ‘किंग’ शाहरुख खान के लिए खास है क्योंकि इसमें पहली बार उनकी बेटी सुहाना खान भी नजर आएंगी। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन, रानी मुखर्जी और अनिल कपूर जैसे कई सितारे भी प्रमुख भूमिकाओं में होंगे। फिल्म 2026 में रिलीज के लिए निर्धारित है और इसकी शूटिंग भारत और यूरोप में प्रस्तावित है।
लगातार घायल होते आए हैं शाहरुख, फिर भी एक्शन फिल्मों से नहीं किया किनारा
शाहरुख खान का करियर एक्शन और स्टंट से भरा रहा है। ‘पठान’ और ‘जवान’ जैसी फिल्मों की बॉक्स ऑफिस सफलता के बावजूद वह अपने शरीर पर भारी जोखिम लेते रहे हैं। ‘डंकी’ में भावनात्मक भूमिका निभाने के बाद ‘किंग’ में उनका फिर से एक्शन अवतार देखने को मिलेगा।
फिलहाल फैन्स को उनके जल्दी ठीक होने और शूटिंग के दोबारा शुरू होने का इंतजार है।

