प्रभारी मंत्री हेमन्त मीणा ने लिया सेमारी क्षेत्र का जायजा, फसलों की गिरदावरी जल्द पूरी करने के निर्देश
24 News Update सलूंबर. जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर प्रभारी मंत्री हेमन्त मीणा शनिवार को फील्ड में उतरे। उन्होंने सेमारी क्षेत्र का दौरा कर हालात का जायजा लिया और किसानों से फसल खराबे की जानकारी ली।
खेतों में पहुंचकर सुनी किसानों की व्यथा
प्रभारी मंत्री मीणा खुद खेतों में पहुंचे और किसानों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि किसान हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं, उनकी पीड़ा सरकार की पीड़ा है। मुख्य फसल खराबे पर फोकस रखते हुए उन्होंने अधिकारियों को गिरदावरी का कार्य अविलंब पूरा करने और प्रभावित किसानों को तुरंत राहत दिलाने के निर्देश दिए।
आमजन से की अपील
मीणा ने कहा कि बारिश और उफान की स्थिति में लोग सतर्क रहें। बहते पानी के बीच सड़क और पुलिया पार करने से बचें। उन्होंने अधिकारियों को आमजन को त्वरित सहायता और सुरक्षा के लिए सक्रिय रहने को कहा।
पूर्व विधायक भी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान खेरवाड़ा के पूर्व विधायक नाना लाल अहारी, अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजलक्ष्मी गहलोत सहित प्रशासनिक अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

