24 News Update उदयपुर। उदयपुर पुलिस के थाना ऋषभदेव पुलिस ने नाबालिग बालिका के अपहरण एवं हत्या के गंभीर मामले में मुख्य आरोपी के सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार यह मामला अत्यंत संवेदनशील एवं सनसनीखेज प्रकृति का है, जिसमें नाबालिग बालिका का अपहरण कर उसकी हत्या की गई और बाद में शव को फांसी के फंदे पर लटकाकर घटना को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया। घटना का मुख्य आरोपी मगनलाल था, जिसने वारदात के बाद स्वयं भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहान के निर्देशन में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा श्रीमती अंजना सुखवाल तथा वृताधिकारी ऋषभदेव राजीव राहर के सुपरविजन में थानाधिकारी हेमंत अहारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम द्वारा की गई जांच एवं पूछताछ के आधार पर आरोपी विनोद पुत्र कमलेश (उम्र 18 वर्ष) निवासी बिलख सोमावत, देवीघाटी, थाना ऋषभदेव जिला उदयपुर को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि अभियुक्त विनोद ने मुख्य आरोपी मगनलाल को नाबालिग के अपहरण में सहायता एवं सहयोग प्रदान किया था।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। मामले में आगे की जांच जारी है तथा अन्य पहलुओं पर भी गहन अनुसंधान किया जा रहा है। कार्रवाई में थानाधिकारी हेमंत अहारी, सहायक उपनिरीक्षक जोरावर सिंह, सहायक उपनिरीक्षक रमेशचंद, कांस्टेबल दशरथ सिंह, बाबूलाल, कैलाशचंद एवं नरेंद्र सिंह की अहम भूमिका रही।
नाबालिग की हत्या मामले में मुख्य आरोपी का सहयोगी गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद

Advertisements
