उदयपुर। उदयपुर शहर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सविना थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडीएमए ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 103.7 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडीएमए जब्त करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान ड्रग्स सप्लाई में प्रयुक्त कार भी जब्त की गई है।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री उमेश ओझा एवं नगर पूर्व वृत्ताधिकारी श्री सूर्यवीर सिंह के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। सविना थानाधिकारी गजवीर सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने 9 मई 2026 को यह बड़ी कार्रवाई अंजाम दी।
जोधपुर और बालोतरा से उदयपुर लाई जा रही थी MDMA
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी जोधपुर और बालोतरा क्षेत्र से एमडीएमए ड्रग्स लेकर उदयपुर पहुंचे थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राजूराम पुत्र श्रवणराम विश्नोई उम्र 24 वर्ष निवासी विश्नोइयों की ढाणी धवा गोदावास थाना झंवर जिला जोधपुर शहर, अनिल गोदारा पुत्र शैतान सिंह विश्नोई उम्र 19 वर्ष निवासी कुड़ी पटाऊ थाना पचपदरा जिला बालोतरा तथा विकास विश्नोई पुत्र सहीराम विश्नोई उम्र 20 वर्ष निवासी बाबलो की ढाणियां बासनी निकुबा फिटकासणी थाना डांगियावास जिला जोधपुर शहर को गिरफ्तार किया।
तीनों आरोपियों के कब्जे से कुल 103.7 ग्राम एमडीएमए यानी मिथाइलीनडाई ऑक्सी मेथेमफेटामाइन बरामद की गई। साथ ही घटना में प्रयुक्त कार नंबर RJ 19 CP 2261 भी जब्त की गई।
JKS कैफे संचालक भी गिरफ्तार
जांच में सामने आया कि आरोपी उदयपुर शहर के मनवाखेड़ा रोड स्थित गीतांजली हॉस्पिटल के सामने संचालित JKS कैफे के संचालक निर्मल पुरी को एमडीएमए सप्लाई करने आए थे।
पुलिस ने निर्मल पुरी पुत्र अर्जुन पुरी गोस्वामी उम्र 22 वर्ष निवासी सिरासना थाना पादुकला जिला नागौर को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ धारा 8/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध प्रमाणित पाया गया।
NDPS एक्ट में मामला दर्ज
चारों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना सविना में धारा 8/22 एवं 8/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विस्तृत अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। पुलिस अब इस ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों और सप्लाई चैन की जांच में जुटी हुई है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में सविना थानाधिकारी गजवीर सिंह, उप निरीक्षक लादू जाट, कांस्टेबल छगनलाल, जिग्नेश, मांगीलाल, राजेन्द्र प्रसाद, किशोर कुमार, विक्रम सिंह एवं चालक कांस्टेबल रमेशचन्द्र की अहम भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने विशेष रूप से उप निरीक्षक लादू जाट, कांस्टेबल छगनलाल और जिग्नेश की भूमिका को सराहा है।
उदयपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और युवाओं को नशे से बचाने के लिए ऐसे नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

