Site icon 24 News Update

महाराणा प्रताप जयंती पर 17 जून उदयपुर आएंगे सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत

Advertisements

24 News Update उदयपुर। मेवाड़ की आन-बान और शौर्य परंपरा के प्रतीक महाराणा प्रताप की जयंती इस वर्ष उदयपुर में ऐतिहासिक स्वरूप में मनाई जाएगी। प्रताप गौरव केंद्र ‘राष्ट्रीय तीर्थ’ के तत्वावधान में 17 जून को संभाग स्तरीय भव्य शौर्य सभा आयोजित होगी, जिसमें डॉ. मोहन भागवत मुख्य रूप से उपस्थित रहकर सभा को संबोधित करेंगे।
विशेष संयोग यह है कि इस वर्ष महाराणा प्रताप जयंती (ज्येष्ठ शुक्ल तृतीया) 17 जून को तथा हल्दीघाटी विजय दिवस 18 जून को है। इसी क्रम में वर्षभर चल रहे ‘हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतु:शती’ समारोह का समापन भी इसी शौर्य सभा के साथ किया जाएगा। आयोजन में सर्व समाज की सहभागिता सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे इसे व्यापक जनआंदोलन का रूप दिया जा सके।
प्रताप गौरव केन्द्र के निदेशक अनुराग सक्सेना ने बताया कि इस विशाल आयोजन की तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। केंद्र में आयोजित प्रारंभिक बैठक में समिति के अध्यक्ष प्रो. भगवतीप्रकाश शर्मा, महामंत्री दीपक शुक्ल, कोषाध्यक्ष सीए महावीर चपलोत सहित अन्य पदाधिकारियों ने आयोजन की रूपरेखा पर चर्चा की। बैठक में विभिन्न समाजों के प्रबुद्धजन, जनप्रतिनिधि और शहर के गणमान्य नागरिकों ने भी अपने सुझाव दिए।
बैठक को संबोधित करते हुए संपर्क अधिकारी हनुमान सिंह राठौड़ ने कहा कि महाराणा प्रताप केवल मेवाड़ ही नहीं, पूरे राष्ट्र के गौरव हैं। उनकी वीरता, स्वाभिमान और संघर्ष की गाथा नई पीढ़ी तक पहुंचे, यह हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने आह्वान किया कि इस आयोजन को जन-जन तक पहुंचाने के लिए समाज के सभी वर्ग सक्रिय भूमिका निभाएं।
आयोजन को व्यापक स्वरूप देने के लिए सर्व समाज के प्रतिनिधियों से संपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। साथ ही 19 अप्रैल को सर्व समाज की एक विस्तृत बैठक आयोजित कर कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा। आयोजकों के अनुसार यह आयोजन केवल एक समारोह नहीं, बल्कि मेवाड़ की शौर्य परंपरा को नई पीढ़ी से जोड़ने और राष्ट्रीय चेतना को सुदृढ़ करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास होगा।

Exit mobile version