24 News update, udaipur
थाना झाड़ोल क्षेत्र में वर्ष 2023 में हुई एक बड़ी चोरी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है तथा चोरी गया करीब 9 लाख रुपये का माल भी बरामद कर लिया गया है। दिनांक 04 अक्टूबर 2023 को प्रार्थी हेमन्त पुत्र प्रभुलाल निवासी गोदाणा, जो वर्तमान में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, मोहम्मद फलासिया में प्रधानाचार्य हैं, ने थाने में रिपोर्ट पेश की थी कि विद्यालय परिसर से राज्य सरकार की योजना के अंतर्गत प्राप्त दो एलईडी टीवी, सेट टॉप बॉक्स तथा अन्य महत्त्वपूर्ण शैक्षणिक सामग्री अज्ञात चोरों द्वारा चुरा ली गई है। इस रिपोर्ट के आधार पर थाना झाड़ोल में प्रकरण संख्या 221/2023, धारा 457 व 380 भारतीय दंड संहिता के अंतर्गत दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया।
जिला पुलिस अधीक्षक, उदयपुर श्री योगेश गोयल के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा श्रीमती अंजना सुखवाल तथा वृताधिकारी वृत झाड़ोल श्री नेत्रपाल सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी झाड़ोल श्री फेलीराम मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम द्वारा तकनीकी विश्लेषण, आसूचना संकलन तथा गहन मनोवैज्ञानिक पूछताछ के आधार पर तीन अभियुक्तों — रोशनलाल पुत्र दीताराम, अशोक कुमार पुत्र मालूराम तथा लोकेश कुमार पुत्र शिवलाल, तीनों निवासी मोहम्मद फलासिया, थाना झाड़ोल जिला उदयपुर — को डिटेन किया गया। पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने अपराध स्वीकार किया, जिस पर उन्हें गिरफ्तार कर चोरी गया संपूर्ण माल बरामद कर लिया गया। बरामद शैक्षणिक सामग्री व उपकरणों की अनुमानित कीमत लगभग 9 लाख रुपये आंकी गई है। तीनों आरोपियों से आगे की पूछताछ व अनुसंधान जारी है।
इस कार्रवाई में पुलिस टीम के सदस्य के रूप में थानाधिकारी श्री फेलीराम मीणा, उप निरीक्षक श्री प्रवीण कुमार, कांस्टेबल श्री ओमप्रकाश (विशेष भूमिका), कांस्टेबल श्री बालकृष्ण, श्री ललित एवं साइबर सेल उदयपुर के श्री लोकेश कुमार रायकवाल की अहम भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम के कार्य की सराहना करते हुए ऐसे ही सतर्कता के साथ अपराधियों पर कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं।

