Site icon 24 News Update

सीटीएई कॉलेज में सड़क सुरक्षा का पाठ: युवाओं को दिलाई जिम्मेदारी की शपथ

Advertisements

24 News Update उदयपुर। 37वें सड़क सुरक्षा माह के तहत शुक्रवार को सीटीएई कॉलेज, उदयपुर में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को यातायात नियमों की महत्ता और सुरक्षित ड्राइविंग के व्यावहारिक पहलुओं से अवगत कराया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में जिम्मेदार नागरिक के रूप में सोच विकसित करना और सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती चुनौती पर अंकुश लगाना रहा।
कार्यक्रम में परिवहन विभाग, उदयपुर के आरटीओ इंस्पेक्टर श्री घनश्याम मीणा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क पर की गई छोटी-सी लापरवाही भी पूरे जीवन को प्रभावित कर सकती है। यातायात नियमों का पालन केवल दंड से बचने का उपाय नहीं, बल्कि स्वयं और समाज की सुरक्षा से जुड़ी नैतिक जिम्मेदारी है।
विशिष्ट अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में IDTR–अशोक लीलैंड वाहन चालक प्रशिक्षण संस्थान, रेलमगरा से श्री महेश चौधरी ने आधुनिक सड़क सुरक्षा उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, ओवरस्पीडिंग के खतरों तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के दुष्परिणामों को उदाहरणों के माध्यम से समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों से “पहले सुरक्षा, फिर गति” के सिद्धांत को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कॉलेज के डीन श्री सुनील जोशी ने कहा कि शैक्षणिक संस्थान केवल अकादमिक ज्ञान देने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज को जागरूक, अनुशासित और जिम्मेदार नागरिक देने की भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। स्वागत उद्बोधन कॉलेज के एडीएसडब्ल्यू श्री विक्रमादित्य दवे ने प्रस्तुत किया। कॉलेज के लगभग 130 विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने, स्वयं सुरक्षित रहने तथा दूसरों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।

इसी क्रम में 30 जनवरी को सीटीएई कॉलेज में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस दौरान दो मिनट का मौन रखकर गांधीजी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मौन उपरांत डीन डॉ. सुनील जोशी ने स्वतंत्रता संग्राम में गांधीजी के योगदान पर प्रकाश डाला, जबकि एडीएसडब्ल्यू डॉ. विक्रमादित्य दवे ने विद्यार्थियों से गांधीजी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों को जीवन में उतारने का आह्वान किया। विद्यार्थियों ने राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। यह जानकारी जनसंपर्क अधिकारी डाक्टर जीएल मीणा ने दी।

Exit mobile version