- भवानीमंडी पुलिस की बड़ी सफलता: रूट एनालिसिस से पकड़ा गया 37 वर्षीय शादीशुदा आरोपी
24 News Update जयपुर। झालावाड़ पुलिस ने एक संवेदनशील मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अकेली स्कूल जा रही एक 11 वर्षीय नाबालिग छात्रा का पीछा कर छेड़छाड़ का प्रयास करने वाले 37 वर्षीय आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की पहचान रूट एनालिसिस और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर की, भले ही उसने अपना मुंह मफलर से ढका हुआ था।
एसपी अमित कुमार ने बताया कि घटना 6 दिसंबर की सुबह उस समय हुई जब नाबालिग छात्रा अपने घर से स्कूल जा रही थी। पीछे से आए एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति ने लड़की को रोककर पहले 10 रुपये का लालच दिया और मोटरसाइकिल पर बैठने को कहा। लड़की के मना करने पर वह थोड़ी दूर जाकर वापस आया और इस बार 100 रुपये देने और 10 बजे वापस छोड़ने की बात कहकर फिर से मोटरसाइकिल पर चलने के लिए दबाव बनाया।
डर के मारे बच्ची वहाँ से भागकर पास की चाय की दुकान पर चली गई और रोने लगी। आरोपी जिसने अपना मुंह मफलर से ढका था, भवानीमंडी की तरफ भाग गया। पिता के ड्यूटी से लौटने पर जब घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
तकनीकी जांच से आरोपी की पहचान
जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा व सीओ प्रेम कुमार के मार्गदर्शन में थानाधिकारी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम ने तत्काल रूट एनालिसिस और तकनीकी विश्लेषण का सहारा लिया। पूरे रूट पर आरोपी का मुंह ढका होने के बावजूद तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर 37 वर्षीय आरोपी रितेश कुमार पुत्र रमेशचंद भील निवासी पचपहाड़ भवानीमंडी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में प्रयुक्त वाहन मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया।
एसपी कुमार ने बताया कि शादी-शुदा आरोपी रितेश ने अपनी पत्नी को काम पर छोड़कर वापस लौटते समय इस घटना को अंजाम दिया था।
झालावाड़ पुलिस ने आमजन और अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों के साथ घटित किसी भी प्रकार की घटना की सूचना अविलम्ब पुलिस को दें, क्योंकि पॉक्सो अधिनियम के तहत ऐसे अपराध करने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है।

