24 News update राजसमंद | इंस्टाग्राम पर महिला की फर्जी प्रोफाइल बनाकर अश्लील संदेश भेजने और सामाजिक रूप से बदनाम करने की धमकी देने वाले युवक को साइबर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी तकनीकी जांच के बाद अपने गांव से पकड़ा गया।
शिकायत पर तुरंत हरकत में आई साइबर पुलिस
राजसमंद साइबर थाने की प्रभारी सरोज बैरवा ने बताया कि पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके नाम से इंस्टाग्राम पर फर्जी अकाउंट बनाया है। उस फर्जी प्रोफाइल से लगातार उसे अश्लील संदेश भेजे जा रहे थे और धमकी दी जा रही थी कि यदि वह चुप नहीं रही तो उसे बदनाम कर दिया जाएगा।
तकनीकी टीम की सतर्कता से आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामला दर्ज होते ही एक विशेष टीम का गठन किया गया जिसमें हेड कांस्टेबल सुरेश कुमार, वीरेंद्र सिंह, कांस्टेबल रतनलाल, भरत सिंह, तिलकेश कुमार और अभिमन्यु सिंह शामिल थे। टीम ने तकनीकी विश्लेषण और डिजिटल ट्रैकिंग के माध्यम से आरोपी की पहचान की।
आरोपी ने कबूला अपराध, गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी मानसिंह पुत्र दौलत सिंह राठौड़, निवासी भुकाला, थाना खमनोर (राजसमंद) को गांव से हिरासत में लिया और पूछताछ की। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने महिला की फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर अश्लील मैसेज भेजे और उसे बदनाम करने की धमकियां दीं। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
पुलिस की अपील – साइबर अपराध से डरें नहीं, रिपोर्ट करें
राजसमंद साइबर थाना पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति सोशल मीडिया के ज़रिए उत्पीड़न, धमकी या ब्लैकमेल का शिकार हो रहा हो तो बिना संकोच पुलिस से संपर्क करे। पुलिस साइबर अपराधों पर लगातार सख्ती से कार्रवाई कर रही है।

