24 News Update खेरवाड़ा, आगामी 16 जनवरी को रिलीज होने वाली फिल्म सागवान के मुख्य किरदार पुलिस अधिकारी हिमांशु सिंह राजावत का सोमवार को उदयपुर से सूरत जाते खेरवाड़ा कस्बे में संयुक्त व्यापार महासंघ के अध्यक्ष अमित कलाल एवं संरक्षक पारस जैन के नेतृत्व में कस्बा वासियों एवं व्यापारियों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में शूटिंग हुई इस फिल्म में ऐसी एक कहानी अब बड़े पर्दे पर आने जा रही है जो अंधविश्वास, डर और इंसानी सोच की गहराइयों को दिखाने वाली है ।फिल्म सच से प्रेरित है, लेकिन किसी एक घटना पर नहीं। फिल्म की कहानी उन हालातो को दिखाती है जहां इंसान डर और अंधविश्वास में फंस कर सही गलत का फर्क भूल जाता है ।
फिल्म के मुख्य किरदार पुलिस अधिकारी राजावत ने जिन्होंने न सिर्फ अभिनय किया है बल्कि फिल्म की कहानी, संवाद और निर्देशन की जिम्मेदारी भी संभाली है, ने बताया कि यह फिल्म की कहानी किसी एक केस की नहीं बल्कि उन अनुभवों का निचोड़ है जो एक पुलिस अफसर अपने पूरे केरियर में देखता है। यही वजह है कि फिल्म में बताया गया है कि क्या आस्था के नाम पर इंसानियत कुर्बान की जा सकती है और क्या कानून समय पर पहुंचे तो हालात बदले जा सकते हैं।
फिल्म में राजावत के अलावा सयाजी शिंदे, एहसान खान, मिलिंद गुणा जी और रश्मि मिश्रा ने अपने किरदार निभाए हैं। हर कलाकार ने अपने किरदार को बेहद सच्चाई और संवेदनशीलता के साथ निभाया है जिससे कहानी और गहरी हो जाती है। फिल्म की कहानी राजस्थान की मिट्टी से जुड़ी है। फिल्म के निर्माता का प्रकाश मेनारिया और सह निर्माता अर्जुन पालीवाल बताते हैं कि सागवान सिर्फ एक फिल्म नहीं बल्कि समाज को सोचने को मजबूर करने वाली कोशिश है । इस दौरान समाजसेवी हेमंत मेहता, प्रेमचंद कलाल, सरपंच लक्ष्मी देवी अहारी, उप सरपंच विक्रांत कोठारी, सौरभ कलाल, कन्हैयालाल कलाल सहित बड़ी संख्या में कस्बा वासी उपस्थित थे।

