Site icon 24 News Update

दुष्कर्म की पीड़ा और स्त्री संघर्ष की गूंज है ‘कल्याणी’: सिनेमैड फिल्म्स की शॉर्ट फिल्म रिलीज

Advertisements

24 News Update Udaipur. समाज में महिलाओं के साथ होने वाले यौन शोषण और घरेलू दुष्कर्म जैसे संवेदनशील विषयों पर करारा प्रहार करती शॉर्ट फिल्म ‘कल्याणी’ शुक्रवार को सिनेमैड फिल्म्स प्रोडक्शन के बैनर तले यू ट्यूब पर रिलीज हुई। महज 27 मिनट की इस फिल्म में एक बड़ा सामाजिक संदेश बेहद संजीदगी और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया गया है।

फिल्म की कहानी युवा राइटर और डायरेक्टर हिया शर्मा ने लिखी है, जिन्होंने पीड़िता की मुख्य भूमिका भी खुद निभाई है। उनके दमदार अभिनय ने किरदार को जीवंत बना दिया। फिल्म में यह दिखाया गया है कि कैसे पुरुष प्रधान समाज में महिलाओं का शोषण अक्सर अपने ही घर की चारदीवारी में, अपनों के द्वारा होता है और वह भी चुप्पी और शर्म के आवरण में दबा दिया जाता है। लेकिन ये चुप्पी जब टूटती है तो क्या होता है….यही फ़िल्म की कहानी है।

कैमरामैन आशीष बुंबाड़िया की सिनेमैटोग्राफी फिल्म की गंभीरता और भावनात्मक गहराई को बेहतरीन ढंग से दर्शाती है। एक लाचार मां की भूमिका में कृष्णा शर्मा का अभिनय दर्शकों की आंखें नम कर देता है। अन्य कलाकारों — सावन जैन, ओमपाल सीलन, प्रवर खंडेलवाल, सुनीता शर्मा और चेष्टा मेनारिया ने भी अपने अभिनय से फिल्म को प्रभावशाली बनाने में योगदान दिया।

‘कल्याणी’ न केवल एक कहानी है, बल्कि यह उन असंख्य पीड़िताओं की आवाज है जो आज भी न्याय की प्रतीक्षा कर रही हैं। यह फिल्म दर्शकों को सोचने पर मजबूर करती है और समाज में बदलाव की ज़रूरत को उजागर करती है।

Exit mobile version