Site icon 24 News Update

राजस्थान रोडवेज को मिली नई रफ्तार: 207 बसों की सौगात, गांव से शहर तक सफर होगा आसान

Advertisements

24 News Update जयपुर। जयपुर में राजस्थान दिवस के अवसर पर प्रदेश की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अजमेर रोड स्थित हीरापुरा बस टर्मिनल से राजस्थान रोडवेज की 207 नई बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन को सुरक्षित, सुलभ और आधुनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। नई बसों के जुड़ने से यात्रियों को अधिक आरामदायक सफर मिलेगा और रोडवेज नेटवर्क को मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि सरकार लगातार रोडवेज के बेड़े का विस्तार करने के साथ सेवाओं को आधुनिक बनाने पर भी जोर दे रही है।
उप मुख्यमंत्री बैरवा ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता दूर-दराज और ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर परिवहन सुविधा पहुंचाना है। नई बसों के संचालन से उन इलाकों में भी आवागमन आसान होगा, जहां अब तक सीमित साधन उपलब्ध थे। इससे शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और व्यापार से जुड़े लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (रोडवेज) के बेड़े में शामिल इन 207 बसों में 100 ब्लूलाइन एक्सप्रेस, 79 स्टार लाइन और 28 नई एसी बसें शामिल हैं। इन सभी बसों को अलग-अलग रूटों पर संचालित किया जाएगा, जिससे यात्रियों को अधिक विकल्प और बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी।

Exit mobile version