24 News Update जोधपुर। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के पिता श्री दाऊलाल वैष्णव का मंगलवार सुबह निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और हाल ही में तबीयत अधिक बिगड़ने पर उन्हें जोधपुर एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल प्रशासन के अनुसार उन्होंने मंगलवार सुबह 11 बजकर 52 मिनट पर अंतिम सांस ली।
पाली के जीवंद कला से जोधपुर तक का सफर
दाऊलाल वैष्णव मूलतः पाली जिले के जीवंद कला गांव के निवासी थे। बाद में उनका परिवार जोधपुर आकर बस गया। वर्तमान में उनका निवास महावीर कॉलोनी, रातानाडा भास्कर चौराहा के पास स्थित है। वे अपने गांव में सरपंच भी रह चुके थे और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते थे। जोधपुर में उन्होंने एक वकील एवं कर सलाहकार के रूप में लंबे समय तक सेवाएं दीं और जनसेवा के क्षेत्र में भी सक्रिय रहे।
बेटे अश्विनी वैष्णव सुबह ही पहुंचे जोधपुर
पिता की गंभीर स्थिति की सूचना मिलते ही केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव मंगलवार सुबह जोधपुर पहुंचे। एयरपोर्ट से वे सीधे एम्स अस्पताल गए और काफी देर तक अपने पिता का हाथ थामे भावुक मुद्रा में बैठे रहे।
दोपहर को हुआ अंतिम संस्कार
दाऊलाल वैष्णव का अंतिम संस्कार मंगलवार दोपहर को कागा स्थित वैष्णव समाज श्मशान घाट में किया गया। अंतिम यात्रा में परिवारजनों के अलावा समाज के गणमान्य नागरिक, रिश्तेदार, राजनीतिक और प्रशासनिक क्षेत्र की अनेक हस्तियाँ शामिल हुईं। उनके परिवार में पत्नी सरस्वती वैष्णव, बड़े बेटे अश्विनी वैष्णव और छोटे बेटे आनंद वैष्णव हैं।
पिता की प्रेरणादायक चिट्ठी
रेल मंत्री बनने के बाद जब अश्विनी वैष्णव 2 अक्टूबर 2021 को पहली बार जोधपुर पहुंचे थे, तब पिता-पुत्र की मुलाकात कुछ ही पलों के लिए हो सकी थी। उस अवसर पर दाऊलाल वैष्णव ने अपने बेटे को एक प्रेरणादायक चिट्ठी सौंपी थी। उसमें उन्होंने लिखा था— “कर्तव्य को इतनी निष्ठा से निष्पादित करो कि हर रेलयात्री का चेहरा यात्रा के दौरान फूल सा खिला रहे।”
यह चिट्ठी उनके मूल्यों और विचारधारा का प्रतिबिंब मानी जाती है, जो उन्होंने अपने बेटे को विरासत में दी
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के पिता दाऊलाल वैष्णव का निधन, जोधपुर में ली अंतिम सांस

Advertisements
