24 न्यूज अपडेट सलूंबर . सलूंबर जिले में झोलाछापों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने विशेष अभियान की शुरुआत की तैयारी कर दी है। स्वास्थ्य विभाग अब पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर अवैध प्रैक्टिस करने वालों और झोलाछाप डॉक्टरों पर कार्रवाई करेगा। इस अभियान का उद्वेश्य ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाना है।
आकंड़े जुटाकर टीम के साथ कारवाई करेगा विभाग !
झोलाछापों के खिलाफ कार्रवाई करने की कड़ी में सलूंबर के मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी महेंद्र परमार ने जिले के सभी ब्लॉक स्तर के स्वास्थ्य अधिकारी को चिट्ठी लिखकर निर्देशित किया है। सीएमएचओ के अनुसार जिले में संचालित हॉस्पिटल और क्लीनिक की जानकारी मांगी गई है। क्लीनिक एक्ट जिले में कितने क्लीनिक और हॉस्पिटल का रजिस्ट्रेशन है। रिपोर्ट आने के बाद आगामी दिनों में अलग-अलग टीम बनाकर कारवाई की जाएगी। अभियान का मकसद झोलाछापों की अवैध गतिविधियों पर रोक लगाना और आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है।
सीएमएचओ परमार ने बताया कि झोलाछाप के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। क्योंकि झोलाछाप जन स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। झोलाछाप की अवैध प्रैक्टिस न केवल लोगों के स्वास्थ्य के लिए खतरनाक है, बल्कि इससे चिकित्सा क्षेत्र की साख भी खराब होती है। इस अभियान के तहत उन सभी जगहों पर छापेमारी की जाएगी जहां झोलाछाप बिना लाइसेंस और उचित योग्यता के मेडिकल प्रैक्टिस कर रहे हैं। मरीजों को भी जागरूक किया जाएगा कि वे सिर्फ मान्यता प्राप्त डॉक्टरों से ही इलाज कराएं।
जिलेभर में चलेगा विशेष अभियान !
जिले में स्वास्थ्य विभाग, पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम जिलेभर में छापेमारी अभियान चलाएगी। इस अभियान के तहत गांवों और कस्बों में सक्रिय झोलाछाप पर कड़ी नजर रखी जाएगी और उन्हें गिरफ्तार कर उनके क्लीनिक सील किए जाएंगे। अधिकारियों का मानना है कि इस अभियान के बाद जिले में अवैध रूप से काम कर रहे झोलाछापों पर पूरी तरह से रोक लगेगी और इससे लोगों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी।
2 दिन पहले झोलाछाप डॉक्टर के हाथों गई थी मासूम की जान !
वही आपको बता दे की जयसमंद इलाके में स्थित झोलाछाप डॉक्टर मेडिकल की आड़ में अवैध रूप से क्लीनिक चला रहा था। जहा पर 6 महीने के मासूम का इलाज करने के लिए परिजन आए थे। गलत इंजेक्शन लगाने से उसकी मौके पर मौत हो गई। इसके बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।

