Site icon 24 News Update

धनतेरस पर 10 हजार दीयों से जगमगाएगा प्रताप गौरव केन्द्र

Advertisements

24 News Update उदयपुर. वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति के अंतर्गत संचालित प्रताप गौरव केन्द्र ‘राष्ट्रीय तीर्थ’ धनतेरस, 18 अक्टूबर को 10 हजार दीयों से रोशन होगा। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में गौरव केन्द्र के 100 अलग-अलग कोनों में 100-100 दीपक प्रज्वलित किए जाएंगे।
समिति के कोषाध्यक्ष एवं दीपोत्सव संयोजक अशोक पुरोहित ने बताया कि धनतेरस पर गौरव केन्द्र स्थित वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा के समक्ष विशाल दीपक प्रज्वलित किया जाएगा। इसकी लौ के साथ ही पूरे परिसर में 10 हजार दीपक प्रज्वलित होंगे।
इस वर्ष हल्दीघाटी विजय का सार्द्ध चतुःशती (450वां) वर्ष भी है। इसी अवसर पर मेवाड़ के रणबांकुरों के शौर्य और ऐतिहासिक प्रतिमानों की चित्र प्रदर्शनी का आयोजन भी किया जाएगा। प्रताप गौरव केन्द्र के निदेशक अनुराग सक्सेना ने बताया कि दीपोत्सव के लिए पूरे परिसर को रंग-बिरंगी विद्युत सज्जा से सजाया गया है। दीप प्रज्वलन के साथ ही आतिशबाजी भी की जाएगी। आयोजन की तैयारियों के तहत विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में गौरव केन्द्र के निदेशक डॉ. विवेक भटनागर, भागचंद जीनगर, दीपक जोशी, पुष्कर जोशी, चैनशंकर दशोरा, लव वर्मा, नारायण सेन, जयदीप आमेटा, सुषमा कुमावत सहित अन्य उपस्थित थे।

Exit mobile version